उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने पर खुशी जताई है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला देश में महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा. उनके अनुसार इससे 2029 के लोकसभा चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने का मार्ग और अधिक स्पष्ट हो जाएगा.
महिला आरक्षण को मिलेगी नई मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद की मंजूरी प्राप्त कर चुका है. अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की हरी झंडी मिलने के बाद संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी. उन्होंने इसे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया.
सीटों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस प्रस्ताव के लागू होने से लोकसभा और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का मार्ग प्रशस्त होगा. उनका मानना है कि इससे जनप्रतिनिधित्व का दायरा भी विस्तृत होगा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी.
राज्यों की हिस्सेदारी पर नहीं पड़ेगा असर
मुख्यमंत्री के मुताबिक परिसीमन की प्रक्रिया में 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि मौजूदा लोकसभा सीटों का राज्यों के बीच जो अनुपात है, उसे बरकरार रखा जाएगा और उसी आधार पर सीटों की संख्या बढ़ेगी. इससे किसी भी राज्य की हिस्सेदारी कम होने की आशंका नहीं रहेगी.
15 साल के लिए लागू होगा आरक्षण
उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था शुरुआती तौर पर 15 वर्षों तक लागू रखने का प्रस्ताव है. साथ ही सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से संचालित की जाएगी. योगी ने कहा कि देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिलाने की यह एक महत्वपूर्ण पहल है.
यूपी के सांसदों से किया समर्थन का आह्वान
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से अपील की कि वे परिसीमन विधेयक के समर्थन में आगे आएं. उन्होंने कहा कि यह नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव तक प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है. योगी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करेगा, इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों को इस पहल में पूरा सहयोग देना चाहिए.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




