UP Election 2027 AIMIM vs SP: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही मुस्लिम वोटबैंक को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है. महाराष्ट्र के मालेगांव से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के सांसदों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
कासमी ने स्पष्ट ऐलान किया है कि जिस तरह सपा नेताओं ने मालेगांव आकर उन्हें हराने के लिए प्रचार किया था, ठीक उसी तरह अब वे भी आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में उत्तर प्रदेश जाकर प्रचार करेंगे.
अब यूपी जाने का मेरा भी हक (AIMIM UP Election Plan)
मुफ्ती इस्माइल कासमी ने मालेगांव विधानसभा चुनाव के दौरान हुए प्रचार को याद करते हुए सपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सपा नेताओं का एकमात्र मकसद उन्हें उनकी सीट पर हराना था. कासमी के अनुसार, चुनाव में उन्हें हराने के लिए खुद अखिलेश यादव मालेगांव आए थे. उनके साथ अबू आजमी, सांसद इकरा हसन और मोहिबुल्लाह नदवी सहित कई नेताओं ने सभाएं की थीं.
उन्होंने बताया कि इकरा हसन और मोहिबुल्लाह नदवी दो-दो बार मालेगांव आए और इकरा हसन ने तो उनके घर के पास ही मंच लगाकर सभा की थी. कासमी ने कहा कि अब प्रतिक्रिया के तौर पर वे भी यूपी जाकर इकरा हसन और उनके भाई के सामने मंच लगाएंगे.
सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने का आरोप
कासमी ने आरोप लगाया कि मालेगांव में हार के बाद सपा नेता कोर्ट चले गए और दुआ, ‘आमीन’ कहने तथा मस्जिद में महिलाओं की सरबराही से जुड़े उनके बयानों को सियासत से जोड़कर मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा दिया.
‘सपा नेताओं ने हाथ जोड़कर कहा था- आप यूपी मत आइए’
मुफ्ती इस्माइल कासमी ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि हाल ही में जब वे उत्तर प्रदेश गए थे, तो सपा के कई बड़े नेताओं ने उनसे मुलाकात की थी. कासमी के मुताबिक, उन नेताओं ने उनसे आग्रह किया कि वे असदुद्दीन ओवैसी को यूपी आने से रोकें.
ये भी पढ़ें: BHEL में करनी है नौकरी? जानें 1 दिसंबर से होने वाले आवेदन की डिटेल, सीधे होगा इंटरव्यू
इस पर कासमी ने सपा नेताओं को जवाब दिया कि ओवैसी साहब को रोकने की क्या बात है, वे खुद ही यूपी आने वाले हैं. कासमी ने आगे कहा, “चुनाव का ऐलान होने दीजिए, मैं खुद आऊंगा.” इस पर सपा नेताओं ने हाथ जोड़कर कहा कि आप मत आइए. कासमी ने सवाल किया कि जब अखिलेश यादव, अबू आजमी, इकरा हसन और नदवी मालेगांव आ सकते हैं, तो उन्हें यूपी क्यों नहीं आना चाहिए? हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी उन्होंने अंतिम फैसला नहीं लिया है, लेकिन अपनी मंशा साफ कर दी है.
विशेष सत्र पर क्या बोले AIMIM विधायक?
संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने और परिसीमन (Delimitation) के मुद्दे पर मुफ्ती इस्माइल कासमी ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि परिसीमन हर 20 साल में एक बार होता है और सरकार अपनी जिम्मेदारी के तहत इस पर काम करेगी. कासमी ने कहा कि जब इस विषय पर उनसे चर्चा होगी, तो वे अपनी पार्टी के जिम्मेदार लोगों, शहर के नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शिक्षाविदों से राय लेने के बाद ही अपना पक्ष रखेंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




