अफगानिस्तान में तालिबान के शासन तले महिलाओं की पहचान, गरिमा और बुनियादी मानवाधिकारों को कुचलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. पहले शिक्षा, फिर रोजगार और सार्वजनिक जीवन से बेदखल करने के बाद अब महिलाओं से उनका खुद का नाम भी छीना जा रहा है. ताजा और बेहद झकझोर देने वाले मामले में अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत में तालिबान अधिकारियों ने सरकारी दस्तावेजों और मेडिकल रिकॉर्ड में महिलाओं के नाम दर्ज करने पर रोक लगाने का निर्देश दिया है.
हालात इस कदर बदतर हो चुके हैं कि अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाली महिला मरीजों को उनके नाम की जगह ‘बीबी’ और यहां तक कि ‘गाय’ व ‘बकरी’ जैसे अपमानजनक शब्दों से संबोधित किए जाने की बात सामने आई है.
सरकारी फाइलों से भी मिटाया जा रहा महिलाओं का नाम
स्पेन के प्रमुख अखबार ‘एल पाइस’, अफगानिस्तान के स्थानीय मीडिया आउटलेट ‘जान टाइम्स’ और ब्रिटिश अखबार ‘द गार्जियन’ की रिपोर्ट्स में इस अमानवीय निर्देश का खुलासा किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, बल्ख प्रांत में सरकारी कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे सरकारी कागजात, मेडिकल रिकॉर्ड और दवाइयों के पर्चों में महिलाओं के नाम का इस्तेमाल न करें.
गाय या बकरी’ कहकर पुकारने का दर्दनाक आरोप
रिपोर्ट में सामने आया है कि अस्पतालों में महिला मरीजों को उनके असली नाम से बुलाने के बजाय केवल ‘बीबी’ कहकर संबोधित किया जा रहा है. इतना ही नहीं, कई पीड़ित महिलाओं ने दर्द बयां करते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें ‘गाय’ और ‘बकरी’ जैसे बेहद अपमानजनक शब्दों से भी पुकारा गया.
जर्मनी में रह रहीं अफगान महिला अधिकार कार्यकर्ता लाला उस्मानी ने इस फरमान को महिलाओं को इंसान के दर्जे से नीचे गिराने और उन्हें कमतर दिखाने की एक सुनियोजित साजिश करार दिया है. हालांकि एक अन्य कार्यकर्ता ने आदेश की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ जगहों पर कर्मचारियों ने अभी तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया है.
पूरे अफगानिस्तान में यह फरमान लागू होने की आशंका
मानवाधिकार और महिला अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठनों ने इस घटनाक्रम पर गहरी चिंता जताई है. उन्हें आशंका है कि बल्ख प्रांत से शुरू हुआ यह कथित आदेश आने वाले समय में पूरे अफगानिस्तान में थोपा जा सकता है. महिला अधिकार संगठन ‘फेमेना’ (FEMENA) की अफगानिस्तान कार्यक्रम प्रमुख जुबैदा अकबर के मुताबिक, तालिबान शासन का पुराना पैटर्न रहा है कि पहले कुछ प्रांतों में प्रतिबंध लागू किए जाते हैं और बाद में उन्हें पूरे देश का कानून बना दिया जाता है. उनका संगठन अब तक तालिबान द्वारा महिलाओं के अधिकारों को सीमित करने वाले 144 से ज्यादा फरमानों का दस्तावेजीकरण कर चुका है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



