Delhi High Court: सुप्रीम कोर्ट ने आतंकवादियों को वित्तीय सहायता मुहैया कराने के मामले में अलगाववादी नेता नईम अहमद खान को जमानत दे दिया है. जस्टिस एम. एम सुंदरेश और जस्टिस पी. बी वराले की पीठ ने कहा कि आरोपी 9 साल से अधिक समय से जेल में बंद है. इसके अलावा मामले में सभी गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है.
दिल्ली हाई कोर्ट ने जमानत देने से क्यों किया इनकार?
दरअसल दिल्ली हाई कोर्ट ने नईम अहमद को यह कहते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया था कि गवाहों के दर्ज बयानों से देश की एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाली बड़ी साजिश की गंभीर तस्वीर सामने आई है. ऐसे में आरोपी को जमानत देना आम जनता की सुरक्षा के लिए नुकसानदायक हो सकता है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने खान को 24 जुलाई 2017 में गिरफ्तार किया था और वह 14 अगस्त 2017 से न्यायिक हिरासत में है.
उसने दिसंबर 2022 में जमानत देने से इनकार करने वाले स्पेशल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी. एनआईए ने कोर्ट से कहा था कि खान के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला स्पष्ट रूप से बनता है और वह आतंकवादी फंडिंग गतिविधियों में शामिल था. उसे आईएसआईएस समर्थक रैली का नेतृत्व करते और उन इलाकों का दौरा करते देखा गया जहां आतंकवादी मारे गए थे. वीडियो में खान के हिजबुल मुजाहिदीन से फंडिंग के बारे में बातचीत है.
एनआईए की एफआईआर में क्या आरोप लगाए गए हैं?
एनआईए ने गृह मंत्रालय की एक शिकायत पर एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एक मुखिबर से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर यह पता चला था कि लश्कर ए तैयबा प्रमुख हाफिज मुहम्मद सईद और हुर्रियत कांफ्रेंस के सदस्यों सहित विभिन्न अलगाववादी नेता हवाला के माध्यम से धन जुटा रहे थे और कश्मीर में हिंसा पैदा करने की साजिश में भी शामिल थे.
इसके तहत कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों पर पथराव, स्कूलों को व्यवस्थित रूप से जलाना, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुचाना और भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के जरिए अशांति पैदा करने के लिए एक बड़ी आपराधिक साजिश रची गई थी. यह मामला आईपीसी की धारा 120बी, 121, 121A और 124A तथा गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम 1967 की धारा 13, 16, 17, 18, 20, 39 और 40 के तहत दर्ज किया गया था.
यह भी पढ़ें-सोनिया गांधी नागरिकता मामले में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को सौंपी रिपोर्ट, तुगलक रोड एसएचओ तलब
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


