Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

सोनिया गांधी नागरिकता मामले में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को सौंपी रिपोर्ट, तुगलक रोड एसएचओ तलब

सोनिया गांधी की नागरिकता और 1980 की वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में अपनी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी है, जिसमें गृह मंत्रालय और जिला मजिस्ट्रेट की पुष्टि के हवाले से 1983 में नागरिकता मिलने की बात कही गई है.

Delhi Police Submits Status Report In Sonia Gandhi Citizenship And 1980 Voter List Case
Edited by Vaibhav Gupta

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की भारतीय नागरिकता और मतदाता सूची में नाम जुड़ने से जुड़े पुराने विवाद पर नया मोड़ आ गया है. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अदालत को अपनी स्टेटस रिपोर्ट सौंप दी है. पुलिस ने कोर्ट को अवगत कराया है कि गृह मंत्रालय और जिला मजिस्ट्रेट से पुष्टि की गई है, जिसके मुताबिक सोनिया गांधी को अप्रैल 1983 में भारतीय नागरिकता मिली थी, लेकिन इससे पहले 1980 में भी नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज था.

14 दिसंबर की तारीख तय

अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद जोशी ने इस मामले की सुनवाई करते हुए तुगलक रोड थाने के एसएचओ को तलब किया है. अदालत ने पुलिस को आगे की जांच के लिए समय देते हुए अगली सुनवाई 14 दिसंबर को तय की है. इससे पहले पिछली सुनवाई में शिकायतकर्ता और वकील विकास त्रिपाठी ने 1980, 1981 और 1983 की मतदाता सूचियों की सत्यापित प्रतियां पेश की थीं, जिसके बाद कोर्ट ने 1980 की मूल सत्यापित प्रति रिकॉर्ड पर रखने को कहा था.

सेशन कोर्ट से वापस मजिस्ट्रेट कोर्ट कैसे पहुंचा मामला?

वकील विकास त्रिपाठी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि भारतीय नागरिक बनने से पहले ही सोनिया गांधी का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराया गया था, जो जाली दस्तावेजों या धोखाधड़ी के बिना संभव नहीं था. पहले मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 11 सितंबर को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने से इनकार करते हुए याचिका खारिज कर दी थी.

इसके खिलाफ दायर रिवीजन पिटीशन पर सुनवाई करते हुए सेशन कोर्ट के स्पेशल जज डॉ. विशाल गोगने ने मजिस्ट्रेट कोर्ट के उस आदेश को अनुचित बताया था और कहा था कि याचिका खारिज करते समय एफआईआर न दर्ज करने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया. सेशन कोर्ट ने मामले को वापस भेजते हुए दोबारा विचार करने और पुलिस से रिपोर्ट मंगाने का निर्देश दिया था.

क्या है दोनों पक्षों की दलीलें?

इस कानूनी लड़ाई में सोनिया गांधी की ओर से वरिष्ठ वकील आर.एस. चीमा ने याचिका का विरोध किया है. सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों से तीखे सवाल भी पूछे थे कि एक ओर जहां आधे सदी पुराने मामले में जांच के दायरे पर सवाल उठे, वहीं यह भी पूछा गया कि 1983 में नागरिकता मिलने से पहले 1980 की वोटर लिस्ट में नाम होने को कैसे सही ठहराया जाएगा. अब सबकी नजरें 14 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ें: चंद्रशेखर आजाद पर केस दर्ज करने की याचिका पर राऊज एवेन्यु कोर्ट का फैसला सुरक्षित, 23 दिसंबर को सुनाया जाएगा आदेश

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism