Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

दहेज में थार की थी डिमांड, दुल्हन के घरवालों ने थमा दिया खिलौना..! मेरठ में कुछ इस अंदाज में टूटी शादी

उत्तर प्रदेश के मेरठ में शादी से पहले दूल्हे पक्ष ने दहेज में लग्जरी थार गाड़ी की मांग रख दी, जिसके बाद दुल्हन के परिवार ने अनोखा जवाब दिया.

Meerut

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा दिलचस्प और सबक सिखाने वाला मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. शादी की शहनाइयां बजने से ठीक पहले दूल्हे पक्ष ने दहेज में लग्जरी Thar गाड़ी की फरमाइश रख दी, लेकिन दुल्हन के घरवालों ने बिना हंगामा किए उन्हें ऐसा करारा जवाब दिया कि लड़के वाले कैमरे के सामने मुंह छिपाते नजर आए.

यही नहीं दुल्हन पक्ष ने रातभर मेहमानों की खूब खातिरदारी करने के बाद सुबह दूल्हे के पिता के हाथ में खिलौने वाली थार थमा दी और ऑन-द-स्पॉट शादी तोड़कर उन्हें वापस लौटा दिया.

क्या था पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर दूल्हे पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग बाकायदा शादी का लाल निमंत्रण पत्र लाल खत लेकर दुल्हन के घर पहुंचे थे. शादी की तैयारियों और रस्मों के बीच दूल्हे की ओर से दहेज में थार गाड़ी की मांग रख दी गई. इस अचानक आई फरमाइश को सुनकर दुल्हन के परिजन सन्न रह गए, लेकिन उन्होंने मौके पर कोई विवाद या हंगामा करने के बजाय पूरी समझदारी से काम लिया और मेहमानों की आवभगत जारी रखी.

पूरी रात हुई जोरदार खातिरदारी

स्थानीय लोगों के अनुसार, दूल्हे के परिवार और रिश्तेदारों का दुल्हन पक्ष ने जोरदार स्वागत किया और वे पूरी रात वहीं रुके. रातभर चली बातचीत के बाद आखिरकार दुल्हन पक्ष ने सुबह दूल्हे के पिता को थार देने का वादा कर दिया. इस आश्वासन के बाद लड़के वालों के चेहरे खिल उठे और वे सुबह तक इस उम्मीद में बैठे रहे कि उनकी महंगी गाड़ी की डिमांड पूरी होने जा रही है.

दूल्हे के सामने रख दी ‘खिलौना थार’

सुबह होते ही दुल्हन पक्ष ने अपने वादे के मुताबिक ‘थार’ का इंतजाम कर लिया. हालांकि, जब लड़के वालों के सामने तोहफा लाया गया तो उनके होश उड़ गए कि यह कोई चमचमाती लग्जरी SUV नहीं, बल्कि खिलौने वाली थार थी. कैमरे के सामने दूल्हे के पिता को खिलौना थार सौंपते हुए दुल्हन पक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि ये रही आपकी थार गाड़ी. खूब चलाओ, घूमो-फिरो और मौज करो. यह नजारा देख वहां मौजूद दूल्हे के कई रिश्तेदार कैमरे से मुंह छिपाते नजर आए.

ये भी पढ़ें- रामगढ़ हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता

दुल्हन का दो टूक फैसला

खिलौना थार सौंपने के तुरंत बाद दुल्हन के घरवालों ने रिश्ता तोड़ने का ऐलान करते हुए दो टूक कह दिया कि आप अपने घर और हम अपने घर, अब यह शादी नहीं हो सकती. वहीं, दुल्हन ने भी साहस दिखाते हुए साफ कहा कि वह ऐसे लालची परिवार में शादी नहीं कर सकती और न ही किसी अन्य लड़की को ऐसे परिवार में शादी करनी चाहिए. दुल्हन पक्ष के इस अनोखे और सख्त कदम की हर तरफ जमकर सराहना हो रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism