पवन सिंह ने पूरे परिवार से तोड़ा नाता
Pawan Singh Family Controversy: भोजपुरी फिल्मों के जाने-माने स्टार पवन सिंह इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर अपने पूरे परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया है. हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनकी मां और बड़े भाई रानू सिंह उनके साथ हैं और वे हमेशा उनके लिए खड़े रहेंगे.
पवन सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर एक भावुक पोस्ट डाला. उन्होंने अपनी मां के साथ तस्वीर लगाई और भोजपुरी में दो लाइनें लिखीं-
जब घर के चक्कर में पड़ जालें आदमी, सब वेद शास्त्र भुला जालें आदमी.
आगे उन्होंने लिखा कि अब बर्दाश्त करने की हद पार हो चुकी है. बहुत भारी मन से वे यह बात लिख रहे हैं और इसके लिए उन्होंने भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी.

पूरे परिवार और खानदान से नाता खत्म
अपने पोस्ट में पवन सिंह ने सीधा ऐलान किया कि आज और अभी से उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई लेना-देना नहीं है. यह पढ़कर उनके फैंस भी चौंक गए. लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि घर में ऐसा क्या हुआ जिसकी वजह से उन्हें इतना कड़ा कदम उठाना पड़ा.
मां और बड़े भाई के लिए जान हाजिर
पूरे खानदान से दूरी बनाने की बात कहते हुए पवन सिंह ने अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह को इससे अलग रखा. उन्होंने लिखा कि मां, जिसने उन्हें जन्म दिया, और उनके सबसे बड़े भाई रानू सिंह के लिए वे जब तक जिंदा हैं, जान हाजिर है. आखिर में उन्होंने खुद को लोगों के परिवार का एक छोटा सा हिस्सा बताया.
ये भी पढ़ें- ‘भाई कहकर बुलाया…फिर पीठ में छुरा घोंप दिया’ परिसीमन बिल पर राहुल गांधी को DMK ने दुत्कारा
पवन सिंह के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर खूब बातें हो रही हैं. लोग कमेंट कर जानना चाह रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हो गया जो उन्होंने यह फैसला लिया. पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिखा गया है और न ही किसी झगड़े या विवाद की साफ वजह बताई गई है. इसलिए फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह कदम किस बात से नाराज होकर उठाया गया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





