Bharat Express DD Free Dish

प्रेमी के साथ फरार होने के लिए युवती ने रचा ‘इच्छाधारी नागिन’ का ड्रामा, बिस्तर पर छोड़ी सांप की केंचुल और सिंदूर

औरैया जिले के फफूंद में एक लड़की ने घर से भागने के लिए अंधविश्वास का सहारा लिया. उसने अपने बिस्तर पर 5 फीट लंबी सांप की केंचुल और सिंदूर सजा दिया, जिससे गांव में उसके ‘नागिन’ बनने की दहशत फैल गई. हालांकि, पुलिस की तफ्तीश ने इस पूरे ड्रामे की पोल खोल दी है.

Auraiya News, UP Police, Snake Skin Mystery, Uttar Pradesh News

Uttar Pradesh News: यूपी के औरैया जिले से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी माथा पीट लेंगे. फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती ने घर से भागने के लिए ऐसा ‘फिल्मी ड्रामा’ रचा कि पुलिस से लेकर गांववाले तक कुछ देर के लिए सुन्न रह गए. इस लड़की ने अपनी फरारी को कोई साधारण गुमशुदगी नहीं, बल्कि एक ‘अलौकिक घटना’ का रंग देने की कोशिश की, ताकि लोग इसे किसी चमत्कार या अंधविश्वास से जोड़कर चुप हो जाएं.

बिस्तर पर केंचुल और सिंदूर का ‘मायाजाल’

मामला तब खुला जब सुबह काफी देर तक युवती ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला. घरवाले परेशान होकर जब कमरे में दाखिल हुए, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. बिस्तर पर लड़की तो नहीं थी, लेकिन वहां करीब 5 फीट लंबी सांप की केंचुल, बिखरा हुआ सिंदूर और कुछ चूड़ियां पड़ी थीं.

गांव में यह खबर जंगल की आग की तरह फैली. देखते ही देखते अफवाहों का दौर शुरू हो गया. किसी ने कहा कि लड़की इंसान नहीं ‘इच्छाधारी नागिन’ थी, तो किसी ने दावा किया कि वह रहस्यमयी तरीके से रूप बदलकर कहीं चली गई है. हालात ये थे कि डर के मारे महिलाओं ने घरों में पूजा-पाठ शुरू कर दी और बच्चे सहम गए.

पुलिस की जांच में फूटा ‘इच्छाधारी’ गुब्बारा

जब मामला पुलिस तक पहुंचा और फफूंद थाना पुलिस ने मौके पर आकर जांच शुरू की, तो इस तथाकथित ‘चमत्कार’ की पोल खुलने लगी. पुलिस ने जब बारीकी से कमरे का मुआयना किया और लड़की का मोबाइल रिकॉर्ड खंगाला, तो पूरी कहानी किसी थ्रिलर फिल्म की तरह साफ हो गई.

पता चला कि युवती का गांव के ही एक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था. घरवाले इस रिश्ते के खिलाफ थे, इसलिए दोनों ने साथ भागने का प्लान बनाया. पुलिस के मुताबिक, युवती ने जानबूझकर सांप की केंचुल और सिंदूर का इंतजाम किया ताकि लोग उसके गायब होने को अंधविश्वास से जोड़ दें और पुलिसिया कार्रवाई में देरी हो. वह चाहती थी कि लोग उसे ढूंढने के बजाय ‘नागिन’ वाली कहानियों में उलझे रहें.

ये भी पढ़ें- दूध का ग्लास और आखिरी संदेश छोड़ 5 लोगों ने खाया ज़हर, मथुरा के दलित परिवार ने क्यों उठाया खौफनाक कदम?

अंधविश्वास का सहारा लेकर चकमा देने की कोशिश

पुलिस का कहना है कि युवती ने ग्रामीणों की धार्मिक भावनाओं और अंधविश्वास का बखूबी फायदा उठाया. उसे पता था कि ग्रामीण इलाकों में सांप और केंचुल से जुड़ी कहानियों पर लोग जल्दी यकीन कर लेते हैं. थाना प्रभारी अजय कुमार ने साफ किया है कि यह कोई रहस्यमयी घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवती और उसके प्रेमी की तलाश जारी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read