Kinnar Gang Violence: उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज के एक खास वर्ग की बढ़ती ‘दादागिरी’ की पोल भी खोल दी है. शादी की खुशियां उस वक्त खौफ में बदल गईं, जब नेग के पैसों को लेकर हुए विवाद में किन्नरों के एक गुट ने दूल्हे के भाई पर गोली चला दी. फिलहाल घायल शख्स अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है और पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 6 किन्नरों को गिरफ्तार कर लिया है.
2100 रुपए ने शुरू किया वाद
जानकारी के मुताबिक, बदायूं के एक परिवार में शादी का जश्न चल रहा था. तभी किन्नरों का एक दल वहां पहुंचा और बधाई गाने के बदले 21,000 रुपये के ‘नेग’ की मांग करने लगा. दूल्हा पक्ष का कहना था कि वे इतना भारी-भरकम पैसा देने में असमर्थ हैं और उन्होंने स्वेच्छा से 2,100 रुपये देने की पेशकश की. बस, येी बात किन्नरों को चुभ गई.
बातचीत से शुरू हुआ विवाद गाली-गलौज और बददुआओं तक जा पहुंचा. जब दूल्हे के घरवालों ने विरोध किया, तो बात हाथापाई तक बढ़ गई और इसी गहमागहमी के बीच एक किन्नर ने तमंचा निकालकर दूल्हे के भाई को गोली मार दी.
ट्रेन से लेकर शादी-ब्याह तक
ये घटना केवल बदायूं तक सीमित नहीं है. आम आदमी के लिए आज के दौर में किन्नरों की ये ‘वसूली’ एक बड़ी सिरदर्द बन चुकी है. अक्सर देखा जाता है कि ट्रेनों में, चौराहों पर या घरों में मांगलिक कार्यक्रमों के दौरान किन्नरों के गुट पहुंच जाते हैं और मनमाना पैसा मांगते हैं.
अगर कोई अपनी हैसियत के हिसाब से पैसे दे, तो उसे अपमानित किया जाता है, कपड़े उतारने की धमकी दी जाती है या फिर बददुआएं दी जाती हैं. कई बार तो लोग डर के मारे अपनी गाढ़ी कमाई इन्हें सौंप देते हैं. बदायूं की इस घटना ने साफ कर दिया है कि अब ये मामला केवल कहासुनी तक नहीं रहा, बल्कि अब ये लोग जान लेने पर उतारू हो गए हैं.
कानून की सख्ती जरूरी
इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि किन्नरों को समाज में सम्मान मिलना चाहिए, लेकिन ‘नेग’ के नाम पर डराना-धमकाना और अब गोली चलाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. फिलहाल पुलिस प्रशासन ने आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है.
ये भी पढ़ें: बादलों से गुजरती चिट्ठियां: बर्फीली वादियों के बीच रिश्तों की डोर थामे बैठा दुनिया का अनोखा पोस्ट ऑफिस
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





