Bharat Express DD Free Dish

चोर का गजब शौक: सोने-चांदी नहीं, औरतों के अंडरगारमेंट्स का शौकीन, CCTV ने खोली पोल

बेंगलुरु में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां एक 23 वर्षीय युवक महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चुराता था, उन्हें खुद पहनता था और फिर सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर डालने की फिराक में रहता था.

Bengaluru weird thief,

सोने-चांदी या मोबाइल की चोरी से जुड़े मामलों को आपने अकसर ही सुना या देखा होगा. लेकिन कर्नाटक की राजधानी और देश की आईटी हब कही जाने वाली बेंगुलुरू का एक मामला ऐसा है, जिसे जान आप आपना माथा पीट लेंगे. यहां पर एक बेरोजगार युवक ने मोहल्ले की औरतों की नाक में दम कर रखा है और वजह है चोरी. लेकिन चौकानें वाली बात ये है कि इस चोर को सोने-चांदी में कोई दिलचस्पी ही नहीं थी.

मोहल्ले में मच गया था हाहाकार

दरअसल, बेंगलुरु के विद्या नगर इलाके की महिलाएं पिछले कुछ दिनों से एक अजीब सी परेशानी से जूझ रही थीं. घरों की बालकनी या छतों पर सूखने के लिए डाले गए महिलाओं के अंडरगारमेंट्स अचानक गायब होने लगे. पहले तो महिलाओं को लगा कि शायद हवा से उड़ गए होंगे या किसी जानवर की शरारत होगी, लेकिन जब यह सिलसिला रोज का हो गया, तो मोहल्ले में डर और हैरानी फैल गई. लोग आपस में कानाफूसी करने लगे कि आखिर ये कौन सा ‘अजीबोगरीब’ चोर है जो सिर्फ महिलाओं के कपड़े ही ले जा रहा है.

CCTV ने खोली पोल

जब पानी सिर के ऊपर से निकल गया, तो पुलिस को सूचना दी गई. हेब्बागोडी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए. फुटेज देखते ही पुलिस की आंखें फटी की फटी रह गई. एक युवक रात के अंधेरे में दबे पांव छतों पर चढ़ता और बड़ी चालाकी से सिर्फ महिलाओं के और कपड़ो को चोरी कर चंपत हो जाता.

नौकरी ढूंढते हुए बन गया ‘अंडरवियर चोर’

इस मैमले को लेकर पुलिस ने जाल बिछाया और 23 साल के इस चोर को धर दबोचा. पकड़े गए आरोपी की पहचान केरल निवासी अमल एनजी के रूप में हुई है. पूछताछ में पता चला कि अमल छह महीने पहले बड़ी उम्मीदों के साथ नौकरी की तलाश में बेंगलुरु आया था. वो अपने एक दोस्त के कमरे पर रह रहा था, लेकिन काम न मिलने की वजह से शायद उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया.

कमरे का नजारा देख उड़े पुलिस के होश

जब पुलिस अमल के कमरे की तलाशी लेने पहुंची, तो वहां का नजारा देख वो चौंक गए. कमरे से दर्जनों रंग-बिरंगे महिलाओं के अंडरगारमेंट्स बरामद हुए. लेकिन असली खुलासा तो उसके मोबाइल फोन ने किया. आरोपी इन चुराए हुए कपड़ों को खुद पहनता था और अलग-अलग पोज में सेल्फी लेता था. पुलिस के मुताबिक, वह इन आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की फिराक में था.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं (303, 329 और 79) के तहत मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है. फिलहाल उसकी डिजिटल फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि उसने कोई फोटो कहीं अपलोड तो नहीं की है. इस घटना ने पूरे शहर में चर्चा छेड़ दी है कि बेरोजगारी और अकेलापन इंसान को किस हद तक ले जा सकता है.

ये भी पढ़ें: 16 साल के बच्चे ने कर दी खुद की हत्या की ‘भविष्यवाणी’, ठीक वैसे ही हुई मौत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read