Mysterious Death: दुनिया में कई ऐसी घटनाएं होती हैं जिन्हें विज्ञान ‘इत्तेफाक’ कहकर टाल देता है, लेकिन उनके पीछे छिपे रहस्य इंसान को सोचने पर मजबूर कर देते हैं. ऐसी ही एक घटना ब्रिटेन के ब्रिस्टल से सामने आई है, जहां 16 साल के एक लड़के ने अपनी मौत से पहले ही अपनी हत्या की भविष्यवाणी कर दी. चौंकाने वाली बात ये है कि हत्यारे ने ठीक उसी अंदाज में उसकी जान ली.
“मम्मी, मुझे डर लगता है…”
ये कहानी 16 साल के माइकी रोनन की है, जो म्यूजिक का शौकीन था. लेकिन पिछले कुछ समय से उसके मन में एक अजीब सा डर था. माइकी की मां हेली ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि माइकी अक्सर उनसे अपनी सुरक्षा को लेकर बात करता था. वह कहता था कि कोई उसे गर्दन पर चाकू मार देगा. वह अपने आसपास बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं को देखकर डरा रहता था और अपनी मौत की भविष्यवाणी कर चुका था.
क्या सच हुई भविष्यवाणी?
माइकी की मां ने बताया कि घटना वाले दिन माइकी अपने दोस्तों के साथ एक हाउस पार्टी में जाने के लिए निकला. घर से निकलते समय उसने अपनी मां को फोन किया और कहा, “लव यू मॉम.” हेली को जरा भी अंदाजा नहीं था कि ये माइकी से आखिरी बात है. उस वक्त हेली एक अवॉर्ड फंक्शन में थीं. जब उन्होंने फंक्शन खत्म होने के बाद अपना फोन देखा, तो उस पर 30 से ज्यादा मिस्ड कॉल थीं. घबराहट में उन्होंने वापस फोन किया, तो दूसरी तरफ से चीखने की आवाज आई, “माइकी को चाकू मार दिया गया है, वो मर चुका है!”
मामले की जांच में सामने आया सच
जब पुलिस ने इस मामले की जांच की, तो जो तथ्य सामने आए वो किसी के भी होश उड़ाने के लिए काफी थे. माइकी को एक ‘जोम्बी नाइफ’ से गर्दन पर वार कर मारा गया था. माइकी ने अपनी मां से ठीक इसी डर का जिक्र किया था कि उसे गर्दन पर चाकू मारा जाएगा. पुलिस ने इस मामले में 16 साल के शेन कनिंघम को गिरफ्तार किया, जिसे अब उम्रकैद की सजा सुनाई गई है.
मां को अधूरा इंसाफ
माइकी की मां हेली आज भी सदमे में हैं. उनका कहना है कि हत्यारे को सजा मिलने के बावजूद उनका इंसाफ अधूरा है क्योंकि उनका बेटा अब कभी लौटकर नहीं आएगा. वहीं, हेली अब ‘जोम्बी नाइफ’ जैसे खतरनाक हथियारों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: 4 रोटी और आधी प्लेट सब्जी का बिल 180 रुपया! वीडियो बनाने पर ढाबा मालिक ने जड़ दिया थप्पड़, देखें वायरल वीडियो
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




