Bharat Express DD Free Dish

राजस्थान में कबूतर बना चेन स्नैचर! चोंच में सोने की चेन दबाकर हो गया फुर्र

नागौर जिले के डेगाना में एक कबूतर ज्वेलरी की दुकान से करीब 1 लाख रुपए कीमत की सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया. यह अनोखी घटना देखते ही देखते पूरे सर्राफा बाजार में चर्चा का विषय बन गई.

Pigeon Chain Snatcher

नागौर के डेगाना में एक अनोखी घटना देखने को मिली, जब एक कबूतर ज्वेलरी शॉप से करीब 1 लाख रुपये की सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया. घटना उस समय हुई जब कारीगर गहने बना रहे थे और कबूतर शॉप की बालकनी में आ गए. चोंच में फंसी चेन के साथ कबूतर छत पर जा बैठा, जिससे शोर मच गया. हालांकि, उड़ान भरते समय चेन छत पर गिर गई और किसी तरह बड़ा नुकसान टल गया. यह घटना अब पूरे नागौर जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग इस चोरी को मजाकिया अंदाज में “कबूतर चेन स्नैचर” कह रहे हैं.

मौका पाते ही चेन लेकर फरार

डेगाना के रामेश्वर प्लाजा में स्थित एक ज्वेलरी शॉप के ऊपर बने कमरों में कारीगर गहने तैयार कर रहे थे. इसी दौरान बालकनी की खिड़की पर कुछ कबूतर आकर बैठ गए. काम में व्यस्त कारीगरों का ध्यान जैसे ही कुछ पल के लिए हटा, तभी एक कबूतर ने मौका पाते ही सोने की चेन चोंच में दबा ली. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबूतर ने चोंच में पकड़ी चेन को हिलाया तो वह उसके गले में फंस गई. इसके बाद कबूतर उड़कर सीधे पास की छत पर जा बैठा. यह सीन देखकर कारीगरों के होश उड़ गए.

कबूतर उड़ा बाजारों में अफरा- तफरी

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास की ज्वेलरी दुकानों के व्यापारी मौके पर इकट्ठा हो गए. सभी की निगाहें छत पर बैठे कबूतर पर टिक गईं. कुछ लोग कबूतर को पकड़ने के लिए छत पर भी चढ़े, लेकिन डर के कारण कबूतर उड़ गया. राहत की बात यह रही कि उड़ान भरते समय चेन छत पर ही गिर गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.

कारीगर सामीन बंगाली ने बताया,

हम रोज़ सोने-चांदी के साथ काम करते हैं, लेकिन ऐसा पहली बार देखा कि कोई कबूतर सोने की चेन लेकर उड़ जाए. कुछ देर के लिए तो सब सन्न रह गए थे.

चेन पर ली राहत की सांस

चेन सुरक्षित मिलने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली. सर्राफा बाजार के व्यापारियों का कहना है कि चोरी और सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है, लेकिन पक्षी द्वारा सोना उड़ाकर ले जाने की घटना पहली बार सामने आई है.

यह भी पढ़े:युवक को रास नहीं आई प्रेमिका की शादी! खुद तो मरा गर्लफ्रेंड को भी मार डाला; मुजफ्फरनगर लव स्टोरी का खौफनाक अंत

-भारत एक्सप्रेस

Edited By: Shubhra Rai (Intern)



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read