मोबाइल गेम्स का चस्का भी बड़ी अजीब चीज है. किसी को लग जाए, तो फिर उसे न समय का होश रहता है और न ही जगह का. आपने अक्सर शादियों या पार्टियों में बच्चों को एक कोने में दुबक कर मोबाइल में उंगलियां घिसते देखा होगा, लेकिन क्या कभी आपने उस शख्स को ही गेम में डूबे देखा है जिसकी खुद की शादी हो रही हो? जी हां, सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो आग की तरह फैल रहा है, जिसे देखकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे और शायद थोड़ा हैरान भी होंगे.
शादी की रस्में या ‘चिकन डिनर’ की फिक्र?
मामला शादी के मंडप का है. आमतौर पर यहां दूल्हा-दुल्हन नर्वस होते हैं, पंडित जी के मंत्रों पर ध्यान देते हैं या फिर मेहमानों को देखकर मुस्कुराते हैं. लेकिन इस वायरल वीडियो में दिख रहे ‘मॉर्डन दूल्हे’ का स्वैग ही अलग है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दूल्हा शादी के जोड़े में पूरी तरह तैयार होकर मंडप में बैठा है. रस्में चल रही हैं, आसपास शोर-शराबा है, लेकिन दूल्हे मियां का पूरा ध्यान अपने मोबाइल की स्क्रीन पर है. वे बड़े मजे से ‘पब-जी’ (PUBG) खेल रहे हैं.
दूल्हे की एकाग्रता (Focus) देखकर ऐसा लग रहा है जैसे मंडप में सात फेरे नहीं, बल्कि मोबाइल गेम में ‘चिकन डिनर’ करना उनके लिए ज्यादा जरूरी है. बगल में दुल्हन बैठी है या नहीं, पंडित जी क्या पढ़ रहे हैं, मानो दूल्हे को इन सब बातों से कोई लेना-देना ही नहीं है.
3 करोड़ से ज्यादा व्यू
इंस्टाग्राम पर @sudarshansinh_raulji नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 3 करोड़ (30 Million) से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. लोग इस पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं और अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ लोग इसे ‘गेमिंग के प्रति सच्चा प्यार’ बता रहे हैं, तो कुछ लोग दुल्हन के सब्र की तारीफ कर रहे हैं.
एक यूजर ने मजाक में लिखा, “अभी खेल लो फिर वो तुम्हारी जिंदगी के साथ खेलेगी,” वहीं दूसरे ने लिखा, “चिकन डिनर हुआ तो शादी करूंगा”
लत या पब्लिसिटी स्टंट?
आजकल शादियों में अनोखी चीजें करना एक ट्रेंड बन गया है. कभी कोई दूल्हा ट्रैक्टर पर आता है, तो कभी दुल्हन जिम करते हुए वीडियो बनवाती है. हालांकि, मंडप में बैठकर गेम खेलने का यह अंदाज लोगों को काफी नया और मजेदार लग रहा है. मोबाइल गेम्स की लत पर अक्सर बहस होती रहती है, लेकिन इस वीडियो ने दिखा दिया कि ये लत इंसान को किस हद तक ‘मस्तमौला’ बना सकती है.
ये भी पढ़ें: बाप रे! आखिर क्यों पिता बनने वाले युवकों पर महिलाएं बरसाती है लाठियां? मार खाते मुस्कुराते रहते युवक
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



