Bharat Express DD Free Dish

‘हाथ से टपकता खून… और डिब्बे में कोबरा!’ सांप के काटने पर ऐसे अस्पताल पहुंचा सपेरा, वायरल हुआ VIDEO

ग्वालियर में कोबरा रेस्क्यू के दौरान सपेरे ग्यासीनाथ को सांप ने काट लिया, लेकिन उन्होंने उसी कोबरा को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचाया.

Cobra Bite Video

ग्वालियर में कोबरा के काटने के बाद सपेरा उसी सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचा

Snake Charmer Cobra Bite Video: सोचिए, अगर आप अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज कराने जाएं और आपके सामने एक शख्स हाथ से खून टपकाता हुआ पहुंचे और उसके दूसरे हाथ में पारदर्शी डिब्बे के भीतर फुंफकारता हुआ बेहद जहरीला कोबरा सांप बंद हो… तो आपका क्या रिएक्शन होगा? जाहिर है, वहां मौजूद किसी भी इंसान के रोंगटे खड़े हो जाएंगे! कुछ ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला, अजब-गजब और फिल्मी वाकया मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित न्यू जयारोग्य अस्पताल में देखने को मिला.

जहां सितावलीपुर में रेस्क्यू के दौरान जहरीले कोबरा के काटने के बावजूद एक बहादुर सपेरा न सिर्फ होश संभाले रहा बल्कि उसी कोबरा को पकड़कर डिब्बे में बंद किया और सीधे अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंच गया.

जानिए क्या है पूरा मामला?(Snake Charmer Cobra Bite Viral Video)

मामला सितावलीपुर गांव का है, जहां मंगलवार को एक घर में निकले विशालकाय जहरीले कोबरा का रेस्क्यू करने मऊ जमाहर के रहने वाले सपेरे ग्यासीनाथ पहुंचे थे. ग्यासीनाथ जैसे ही सांप को काबू में करने लगे, तभी नागदेवता ने गुस्से में आकर उनके हाथ पर सीधा और गहरा डंक मार दिया.

हाथ से खून का फव्वारा छूटने लगा और कोबरा का जानलेवा जहर शरीर में फैलने लगा. लेकिन आम इंसान की तरह चीखने-चिल्लाने या घबराने की बजाय ग्यासीनाथ ने अपनी सुधबुध नहीं खोई और तुरंत उसी कोबरा को पकड़कर सुरक्षित तरीके से प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया.

अस्पताल की इमरजेंसी में मच गई अफरा-तफरी

कोबरा को डिब्बे में कैद करने के बाद ग्यासीनाथ बिना वक्त गंवाए सीधे न्यू जयारोग्य चिकित्सालय (जेएएच) की इमरजेंसी में जा पहुंचे. जैसे ही अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य मरीजों की नजर मरीज के हाथ में बंद उस फुंफकारते और डिब्बे की दीवारों से टकराते काले कोबरा पर पड़ी, तो कुछ देर के लिए पूरी इमरजेंसी में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे.

हालांकि, डॉक्टरों ने तुरंत मोर्चा संभाला और बिना देरी किए ग्यासीनाथ को एंटी-स्नेक वेनम (Anti-Snake Venom) का इंजेक्शन देकर भर्ती कर लिया.

यह भी पढ़ें: ‘4 मुल्कों पर बरसा बारूद, कांप उठी दुनिया!’अमेरिका-ईरान की जंग ने लिया विकराल रूप

हौसला देख डॉक्टर भी हैरान

अस्पताल के बेड पर भर्ती ग्यासीनाथ का हौसला और निडरता देखकर वहां मौजूद हर कोई दंग रह गया. ग्यासीनाथ ने बताया, “मैं तो बचपन से ही सांपों को पकड़ने और उनका रेस्क्यू करने का काम कर रहा हूं. अपनी जिंदगी में हजारों सांप पकड़े, लेकिन यह पहली बार हुआ है जब किसी सांप ने मुझे काटा है.” ग्यासीनाथ के इस अदम्य साहस की चर्चा अब पूरे अस्पताल और सोशल मीडिया पर खूब हो रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read