Online Shopping stress relief
Online Shopping stress relief: ऑनलाइन शॉपिंग आज लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है. कोई जरूरत का सामान खरीदता है तो कोई पसंदीदा चीजों की तलाश में घंटों शॉपिंग साइट्स पर बिताता है. लेकिन जापान से सामने आया एक मामला बेहद हैरान करने वाला है. यहां एक 32 वर्षीय महिला ने तनाव कम करने के लिए ऑनलाइन सामान ऑर्डर करने की ऐसी आदत बना ली कि करीब दो साल में उसने 2,000 से ज्यादा ऑर्डर किए. हैरानी की बात यह है कि उसने इनमें से एक भी सामान अपने घर नहीं पहुंचने दिया.
ऑर्डर करने में मिलता था सुकून
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जापान की योशिदा नाम की महिला को एनीमे कैरेक्टर्स से जुड़े सामान देखना और उन्हें ऑनलाइन ऑर्डर करना बेहद पसंद था. उसका कहना है कि रोजमर्रा की जिंदगी के तनाव के बीच जब वह कोई सामान उपलब्ध होने से पहले ऑर्डर करती थी, तो उसे एक अलग तरह का सुकून मिलता था. उसके लिए असली खुशी सामान हासिल करने में नहीं, बल्कि ऑर्डर प्लेस करने की प्रक्रिया में थी. यही शौक धीरे-धीरे उसकी आदत और फिर एक गंभीर समस्या में बदल गया.
2 साल में 2 हजार से ज्यादा ऑर्डर कैंसिल
महिला कथित तौर पर सामान ऑर्डर करने के बाद अलग-अलग तरीकों से उसे कैंसिल करवा देती थी. कई बार डिलीवरी के लिए गलत या नकली पता दिया जाता था. ऐसे में डिलीवरी एजेंट किसी दूसरे पते पर पहुंच जाता और सामान की डिलीवरी नहीं हो पाती. कुछ मामलों में उसने कन्वीनियंस स्टोर के जरिए भुगतान का विकल्प चुना, लेकिन समय पर भुगतान नहीं किया. वहीं कुछ ऑर्डर में कैश ऑन डिलीवरी के समय सामान लेने से इनकार कर दिया. इस तरह करीब दो साल में 2,000 से ज्यादा ऑर्डर कैंसिल किए गए.
यह भी पढ़ें: पवन सिंह से मिलने स्टेज पर चढ़ा कांवड़िया, गार्ड ने दिया धक्का; इसके बाद पावरस्टार ने जो किया उसने जीता सबका दिल
258 करोड़ के ऑर्डर, कंपनी को लाखों का नुकसान
रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला ने करीब 258 करोड़ रुपये से ज्यादा मूल्य के सामान के ऑर्डर किए. हालांकि, इन ऑर्डर्स में से कोई भी सामान उसके पास नहीं पहुंचा. इस लगातार ऑर्डर-कैंसिलेशन से शुएशा के Jump Characters Store को भी नुकसान उठाना पड़ा. FNN Prime Online के मुताबिक, कंपनी को करीब 75 लाख येन यानी लगभग 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ. समस्या सिर्फ डिलीवरी खर्च तक सीमित नहीं थी. महिला जिन प्रोडक्ट्स को बुक करती थी, उस दौरान दूसरे ग्राहक उन्हें खरीद नहीं पाते थे.
238 अकाउंट्स से करती थी शॉपिंग
जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने ऑनलाइन शॉपिंग के लिए करीब 238 अलग-अलग अकाउंट्स का इस्तेमाल किया. रिपोर्ट के मुताबिक, उसने लगभग छह साल पहले स्टोर से खरीदारी शुरू की थी और अक्टूबर 2023 के आसपास उसका व्यवहार बदल गया.कंपनी ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की. रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला ने आरोप स्वीकार किए हैं और उसके खिलाफ कथित तौर पर कारोबार में धोखाधड़ी के जरिए रुकावट डालने के मामले में कार्रवाई की जा रही है. यह मामला इसलिए भी अनोखा है क्योंकि यहां ऑनलाइन शॉपिंग का मकसद सामान खरीदना नहीं, बल्कि सिर्फ ऑर्डर करने से मिलने वाला सुकून था.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


