Jim Corbett Elephant Missing (एआई इमेज)
Jim Corbett Elephant Missing: आपने कपल्स को डेट पर जाते हुए सुना या देखा होगा, लेकिन क्या आपने सुना है कि कोई हाथी और हथिनी डेट पर गई हों. जी हां ऐसा ही एक मामला उत्तराखंड से सामने आया है. जहां दो प्रशिक्षित हथिनियां रात के समय जंगली हाथियों के साथ गायब हो गईं. रात में जब वन विभाग के गश्ती दलों ने हथिनियों को गायब देखा तो उनके होश उड़ गए. आनन-फानन में वो खोज अभियान शुरू कर दिया, लेकिन कोई पता नहीं चल सका. सुबह होते ही दोनों हथिनियां अपने आवास पर वापस आ गईं.
यह मामला उत्तराखंड के जिम कार्बेट टाइगर रिजर्व का है. जहां मंगलवार को झिरना रेंज की दो पालतू हथिनियां तुंगा और कपिला जंगल गई थीं. रात के समय उस इलाके से जंगली हाथियों का एक झुंड गुजरा. दोनों हथिनियों ने जब हाथियों को झुंड को देखा तो वो उनके साथ हो लीं. कुछ ही देर बाद जब वन कर्मी मौके पर पहुंचे तो दोनों वहां पर मौजूद नहीं थीं. जिसके बाद वन कर्मियों ने खोजबीन शुरू कर दी. गश्ती दल ने दोनों को कई इलाकों में खोजा लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया.
बुधवार को दोनों हथिनियां चुप चाप अपने आवास पर वापस लौट गईं. यह देख वन कर्मियों को बहुत आश्चर्य हुआ.
हाथियों के सहवास का चल रहा समय
वन विभाग के मुताबिक जंगलों में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं. हाथी झुंड में रहने वाले जानवर होते हैं. ऐसे में जब कहीं हाथी एक या दो की संख्या में होते हैं तो वो किसी और झुंड में शामिल हो जाते हैं. इसके अलावा यह समय हाथियों के सहवास का होता है. ऐसे में हो सकता है कि हथिनियां इसी कारण से अपना इलाका छोड़कर जंगली हाथियों के साथ निकल गई हों.
ये भी पढ़ें- खौल रहा है प्रशांत महासागर! तेजी से पनप रहा ‘सुपर अल नीनो’, अगर एक्टिव हुआ तो बदल जाएगा दुनिया का भूगोल
इस संबंध में कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी अमित कुमार ग्वासीकोटि के मुताबिक वन्य जीवन में इस प्रकार की घटनाएं आम हैं. कई बार हाथियों को उनके आवास के आसपास चरने के लिए छोड़ दिया जाता है, वो चरकर वापस लौट आते हैं. वैसे भी ये समय हाथियों के सहवास का है, हो सकता है कि हथिनियां इसी कारण से जंगली हाथियों के झुंड में शामिल हुई हों और फिर वापस लौट आई हों.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




