Rudrapur News: उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसे देखकर लोग अपना माथा पीट रहे हैं. पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए एक बाइक सवार ने ऐसी जल्दबाजी दिखाई कि पीछे बैठी महिला सड़क पर धड़ाम से गिर गई. लेकिन जनाब को न तो बाइक रोकने की सुध आई और न ही महिला को उठाने की. वह महिला को सड़क पर छोड़कर अपनी बाइक लेकर फरार हो गया. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग बाइक सवार को जमकर सुना रहे हैं.
दरअसल, रुद्रपुर में पुलिस चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक बाइक सवार वहां पहुंचा. पुलिस के जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी. जवानों ने हाथ देकर उसे रोकना चाहा, मगर बाइक सवार को शायद जल्दी निकलने की ऐसी धुन सवार थी कि उसने किसी की परवाह नहीं की.
इधर बाइक की रफ्तार बढ़ी, उधर पीछे बैठी महिला का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिर पड़ी. अब ऐसे मौके पर कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति सबसे पहले बाइक रोककर देखता कि पीछे बैठा शख्स ठीक है या नहीं. लेकिन यहां तो कहानी ही उलटी निकली. महिला सड़क पर गिरी रह गई और बाइक सवार उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया.
सड़क पर गिरी महिला को छोड़कर भागा बाइक सवार
रुद्रपुर में बाइक सवार पुलिस चेकिंग से बचने के प्रयास में आगे निकल गया, इसी दौरान बाइक पर बैठी महिला सड़क पर गिर गई लेकिन बाइक सवार गाड़ी रोकने की बजाय आगे निकल गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और महिला को उठाकर संभाला तथा उसका हालचाल जाना।
— Phool Singh Rajpoot (@PhoolSi83078631) October 17, 2026
पुलिस ने संभाला, महिला ने सुनाई खरी-खोटी
महिला को सड़क पर गिरते देख पुलिसकर्मी तुरंत उसके पास पहुंचे. उन्होंने महिला का हाथ पकड़कर उसे उठाया. महिला को चलने में परेशानी हो रही थी और वह लंगड़ाते हुए दिखाई दी. इस बीच उसका गुस्सा भी साफ नजर आया. महिला बाइक सवार को जमकर खरी-खोटी सुना रही थी.
घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई. महिला की हालत देखकर लोग उसकी मदद के लिए पहुंचे. वायरल वीडियो में महिला का गुस्सा और बाइक सवार की हरकत चर्चा का विषय बनी हुई है.
चेकिंग से बचना था या मुसीबत को न्योता देना था?
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग बाइक सवार के इस कारनामे पर सवाल उठा रहे हैं. आखिर पुलिस की चेकिंग से बचने की ऐसी भी क्या जल्दी थी कि पीछे बैठी महिला की सुरक्षा तक का ख्याल नहीं रहा? अगर बाइक सवार को रोके जाने का डर था, तो क्या महिला को सड़क पर गिराकर भाग जाना सही रास्ता था?
चेकिंग से बचने की कोशिश में बाइक सवार खुद तो निकल गया, लेकिन पीछे महिला को सड़क पर छोड़ गया. अब लोग यही पूछ रहे हैं कि जब साथ चल रहे इंसान की सुरक्षा की ही परवाह नहीं, तो ऐसी जल्दबाजी का आखिर फायदा क्या?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



