मध्य प्रदेश में 'शोले' स्टाइल में 50 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ा सांड (इमेज-Bharat Express)
Sheopur Bull On Water Tank: मध्य प्रदेश के श्योपुर में एक सांड इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. ददूनी गांव में एक सांड करीब 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया. हैरानी की बात यह है कि सांड तीन दिनों तक टंकी के ऊपर ही बैठा रहा और नीचे उतरने का नाम नहीं ले रहा था. मामले की जानकारी मिलने के बाद पशु विभाग ने मौके पर पहुंचकर सांड को नीचे उतारा. घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर कर रहे हैं.
सांड टंकी के ऊपर कैसे पहुंचा, यह अभी साफ नहीं हो पाया है. ग्रामीण भी उसे देखकर हैरान हैं. कुछ लोग मजाकिया अंदाज में सांड से पूछते नजर आ रहे हैं कि आखिर उसकी मांग क्या है, जो वह इतनी ऊंची टंकी पर जाकर बैठ गया. सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं.
ग्रामीणों ने सांड के लिए टंकी के पास पानी और चारा भी रखा था. उनका कहना था कि जब तक सांड नीचे नहीं उतरता, तब तक उसके खाने-पीने का इंतजाम किया जाएगा. हालांकि इतनी ऊंचाई पर होने की वजह से सांड के फिसलकर नीचे गिरने का खतरा बना हुआ था.
ऐसे उतारा गया सांड को नीचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग, पशु विभाग और मानपुर थाना पुलिस को सूचना दी. ग्रामीणों ने अधिकारियों से सांड को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारने की मांग की थी.
जिसके बाद सांड को नीचे उतारने की कवायद शुरू हुई. पहले पशु चिकित्सकों ने सांड को शांत करने के लिए इंजेक्शन दिया. इसके बाद पंचायत कर्मचारियों और ग्रामीणों ने क्रेन की मदद से सांड को जमीन पर नीचे उतारा.
ग्रामीण देवेंद्र ने बताया कि सांड कई दिनों से पानी की टंकी के ऊपर था. ऊंचाई ज्यादा होने के कारण उसके गिरने का डर बना हुआ था. इसलिए विभागों को इसकी जानकारी दी गई.
वीडियो तेजी से हो रहा वायरल
मानपुर थाना प्रभारी सतीश दुबे के मुताबिक सोमवार देर शाम पुलिस को ददूनी गांव में सांड के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिली थी. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सांड आखिर टंकी के ऊपर पहुंचा कैसे.
ये भी पढ़ें- बाराबंकी: शादी को हुए 45 दिन और गोद में आ गया बच्चा! पति रह गया हक्का बक्का
फिलहाल प्रशासन ने क्रेन की मदद से सांड को बांधकर पानी की टंकी से नीचे उतार दिया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




