प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि केंद्र सरकार इस बात के लिए लगातार काम कर रही है कि पूर्वोत्तर का हर परिवार सहयोग, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़े. रविवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में दिग्गज गायक, संगीतकार और सांस्कृतिक प्रतीक भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने यह बात कही. उन्होंने कहा कि पिछले बारह वर्षों के दौरान सरकार ने सेवा भाव से काम किया है और असम समेत पूरे पूर्वोत्तर के विकास प्रयासों में मानवीय संवेदना को हमेशा सबसे आगे रखा है.
हिंसा का रास्ता छोड़ विकास पर बढ़े हजारों लोग
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी खुशी जताई कि हाल के वर्षों में असम के हजारों लोगों ने हिंसा का रास्ता त्याग दिया है और मानवता, विकास व भरोसे की नई राह को अपनाया है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका का यह जन्म शताब्दी समारोह गुवाहाटी से शुरू हुआ था और आज देश की राजधानी में इसका समापन हो रहा है. उनके मुताबिक, यह आयोजन केवल असम या पूर्वोत्तर का नहीं, बल्कि भारत की कला और सामूहिक चेतना का उत्सव रहा है. उन्होंने कहा कि जन्म शताब्दी समारोह के उद्घाटन और समापन दोनों कार्यक्रमों का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है.
आज भी लोगों के दिलों में डॉ. भूपेन हजारिका का संगीत
डॉ. भूपेन हजारिका को असम का महान सपूत और एक असाधारण कलाकार बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनका संगीत आज भी लोगों के दिलों में जीवित है. गौरतलब है कि डॉ. हजारिका की जन्म शताब्दी से जुड़े आयोजनों की शुरुआत पिछले साल हुई थी, जिसने आम लोगों को संगीत, साहित्य, सिनेमा और समाज में उनके अमूल्य योगदान को फिर से जानने और समझने का अवसर दिया. साल भर चले इन कार्यक्रमों में उनके आदर्शों की प्रासंगिकता, उनकी रचनात्मक प्रतिभा के सदाबहार आकर्षण और मानवता, सद्भाव व विश्व बंधुत्व के उनके अमर संदेश को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया.
यह भी पढ़ें: सिक्किम में दौड़ेगी पहली ट्रेन! 5.3 KM लंबी सबसे बड़ी सुरंग की खुदाई पूरी, 14 सुरंगों का काम खत्म
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




