Tinder Scam: दिल्ली में ऑनलाइन डेटिंग करने वाले युवाओं के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. कड़कड़डूमा इलाके के एक कैफे पर एक रेडिट यूजर ने गंभीर आरोप लगाया है. उसका दावा है कि टिंडर डेट पर बुलाकर उससे 50 हज़ार रुपये से ज्यादा का बिल वसूला गया.
r/delhi सबरेडिट पर शख्स ने पूरी घटना शेयर की. उसने लिखा कि टिंडर पर एक लड़की से मुलाकात हुई और दोनों कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के पास एक कैफे में मिलने पहुंचे. पहले सब सामान्य लगा, लेकिन जैसे ही उन्होंने खाना-पीना ऑर्डर किया, स्टाफ ने जबरदस्ती महंगे आइटम थोपना शुरू कर दिया. मेन्यू भी साफ-साफ नहीं दिखाया गया.
आखिर में जब बिल आया तो उसके होश उड़ गए. सिर्फ़ कुछ खाने-पीने के बदले उसे 50,000 रुपये से ज्यादा का बिल थमा दिया गया. शख्स ने सबूत के तौर पर उस बिल की तस्वीर भी पोस्ट की है.

‘Scam Cafe’ से सावधान रहने की दी चेतावनी
यूजर ने इसे टिंडर स्कैम करार दिया और लोगों को खासकर मेट्रो स्टेशन के आसपास के कैफ़े से सावधान रहने की सलाह दी. उसने कहा कि ऐसे कैफे अक्सर डेटिंग ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल के जरिए ग्राहकों को फंसाते हैं और फिर उन्हें भारी-भरकम बिल पकड़ा देते हैं. साथ ही यूजर ने सुझाव दिया कि किसी अनजान जगह पर डेट पर जाने से पहले उस कैफ़े की ऑनलाइन रिव्यू जरूर पढ़ें (Tinder Scam).

दूसरे शहरों में भी हुए ऐसे Tinder Scam
रेडिट पर कई लोगों ने इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी. एक यूज़र ने कोलकाता का किस्सा साझा किया. उनके मुताबिक, उनके रिश्तेदार के बेटे के साथ भी ऐसा ही हुआ था. वहां रेस्तरां ने बिल में ऐसी चीजें जोड़ दीं जो ऑर्डर ही नहीं की गई थीं. इस मामले में पीड़ित ने रेस्तरां के खिलाफ कंज्यूमर कोर्ट में केस तक दर्ज कराया.
वहीं पोस्ट के कमेंट सेक्शन में कई यूज़र्स ने प्रैक्टिकल सलाह दी. एक ने मज़ाक में कहा– “फिर से जाओ और वही महंगे आइटम ऑर्डर करो, देखना इस बार बिल कितना आता है.” वहीं, किसी और ने लिखा– “पहली डेट हमेशा किसी नामी-गिरामी और भरोसेमंद कैफ़े में करनी चाहिए. जैसे थर्ड वेव या ब्लू टोकाई जैसी जगह, जहां क्वालिटी और पारदर्शिता का भरोसा हो.”
ये भी पढ़ें- शीना बोरा हत्याकांड में नया ट्विस्ट! गवाह विधि मुखर्जी के यू-टर्न से सनसनी, क्या बेगुनाह साबित होगी इंद्राणी मुखर्जी?
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

