Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

समाजवादी विचारधारा के प्रखर योद्धा सच्चिदानंद सिन्हा का निधन: एक युग का अवसान

भारतीय समाजवादी परंपरा के प्रमुख स्तंभ और प्रखर चिंतक सच्चिदानंद सिन्हा का 96 वर्ष की आयु में मुजफ्फरपुर में निधन हो गया.

भारतीय समाजवादी परंपरा के एक प्रमुख स्तंभ और प्रखर चिंतक सच्चिदानंद सिन्हा का आज मुजफ्फरपुर में निधन हो गया. 96 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली. सच्चिदानंद सिन्हा न केवल एक विचारक थे, बल्कि एक ऐसे योद्धा थे जिन्होंने समाजवाद को हिंसा-रहित संघर्ष की धारा में ढालने का प्रयास किया.

एक साधारण जन्म से असाधारण यात्रा

सच्चिदानंद सिन्हा का जन्म 30 अगस्त 1928 को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज के परसौनी गांव में हुआ था. एक साधारण किसान परिवार में पले-बढ़े सचिदानंद सिन्हा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही प्राप्त की, लेकिन जल्द ही वे छात्र राजनीति की ओर आकर्षित हो गए. स्वतंत्रता संग्राम के दौर में वे जयप्रकाश नारायण के करीबी सहयोगी बने और समाजवादी आंदोलन से जुड़ गए. जेपी के व्यक्तिगत सहायक के रूप में उन्होंने न केवल संगठनात्मक कार्य किया, बल्कि वैचारिक स्तर पर भी समाजवाद को नई दिशा देने का प्रयास किया.

उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ आया जब वे डॉ. राम मनोहर लोहिया के संपादकीय बोर्ड में शामिल हुए. यहां से उनकी लेखनी ने उड़ान भरी. उन्होंने ने समाजवाद को भारतीय संदर्भ में ढालने पर जोर दिया. वे मानते थे कि समाजवाद केवल आर्थिक समानता तक सीमित नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और नैतिक परिवर्तन का माध्यम है. उनके अनुसार, “हमारा निजी रहन-सहन कैसा होता है, इसके सामाजिक प्रभाव के संबंध में बहुत विचार करना होगा.” यह विचार उनकी रचनाओं का मूल मंत्र था.

समाजवादी आंदोलन में अमिट योगदान

सच्चिदानंद सिन्हा को भारतीय समाजवाद का ‘अल्टरनेटिव विजन’ देने का श्रेय जाता है. आठ खंडों वाली ‘सच्चिदानंद सिन्हा रचनावली’ आधुनिक सभ्यता, संस्कृति, कला और समाजवाद पर गहन विश्लेषण प्रस्तुत करती है. उनकी किताबें न केवल सैद्धांतिक हैं, बल्कि व्यावहारिक संघर्ष की प्रेरणा भी देती हैं.

समाजवादी आंदोलन के प्रमुख स्तंभ के रूप में सचिदानंद सिन्हा ने हिंसा-रहित समाजवाद पर बल दिया. वे मानते थे कि “समाजवाद में हिंसा के बिना ही मानवता की सर्वोत्तम आशा निहित है.” जेपी आंदोलन से लेकर बाद के दशकों तक, उन्होंने युवाओं को वैचारिक प्रशिक्षण दिया. बिहार की राजनीति में वे एक संस्था के समान थे, जिनके चरणों में बैठकर पीढ़ियां सर उठाना सीखीं.

उनका योगदान केवल राजनीतिक नहीं था. वे साहित्य और संस्कृति के मर्मज्ञ भी थे. ‘नई धारा’ जैसी पत्रिकाओं के माध्यम से उन्होंने समाजवादी विचारों को लोकप्रिय बनाया. आज के दौर में, जब पूंजीवाद की मार से समाज त्रस्त है, वे हमें याद दिलाते हैं कि गणतंत्र भारत क्या खो चुका है और क्या पुनः प्राप्त करना चाहिए.

एक विरासत जो अमर रहेगी

सच्चिदानंद सिन्हा का निधन न केवल बिहार के लिए, बल्कि पूरे भारतीय समाजवादी आंदोलन के लिए एक युग का अंत है. 96 वर्षों की उनकी यात्रा संघर्ष, चिंतन और समर्पण की मिसाल है. वे उन गिनती के विचारकों में से थे जो 20वीं सदी के वैचारिक बहसों को 21वीं सदी तक जीवंत रखे हुए थे.

समाजवादी कार्यकर्ता, लेखक और पूर्व सहयोगी मलयानिल ने ट्वीट करते हुए कहा, “अपने बौद्धिक योगदान, लेखन और वैचारिक दृढ़ता के कारण सच्चिदानंद सिन्हा भारतीय समाजवादी परंपरा के सबसे सम्मानित और प्रभावशाली विचारकों में गिने जाते थे. इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा गया, “मुझ जैसे ना जाने कितने युवाओं का वैचारिक प्रशिक्षण सच्चिदानंद सिन्हा को पढ़कर और सुनकर हुआ था.

ये भी पढें: Ram Mandir Dhwajarohan: भगवा ध्वज लहराते ही 191 फीट ऊंचा हो जाएगा राम मंदिर, इस द्वार से अंदर प्रवेश करेंगे PM मोदी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital