Bharat Express DD Free Dish

19 हजार लोगों को VIP सिक्योरिटी, जनता की जान की कीमत पर वीआईपी सुरक्षा क्यों? पढ़ें विनीत नारायण का लेख

आम आदमी दुर्घटनाओं में जान गंवा रहा है और वीआईपी सुरक्षा पर देश के हजारों करोड़ फूंके जा रहे हैं. आखिर बिना खतरे के नेताओं और बाबाओं को सुरक्षा घेरा क्यों चाहिए? पढ़ें विनीत नारायण का लेख और जानिए इस कड़वे सच के पीछे की पूरी कहानी

vineet narayan opinion on VIP security in India

नर्मदा नदी के बरगी बाँध के दुखद हादसे के बाद सोशल मीडिया पर एक आम नागरिक की टिप्पणी ने मुझे कुछ सोचने पर मजबूर किया. उसका कहना था कि जब देश में ऊर्जा संकट बढ़ रहा है और अनावश्यक दुर्घटनाओं में कीमती जीवन समाप्त हो रहे हैं, तो वीआईपी सुरक्षा के नाम पर हज़ारों गाड़ियाँ और सुरक्षाकर्मी क्यों रात-दिन भागते रहते हैं? जबकि यही सुरक्षाकर्मी अगर यातायात, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा नियमों के कड़े अनुपालन और आपदा प्रबंधन के लिए तैनात रहे तो आम जनता को कितनी राहत मिलेगी?

विदेशों में सादगी और वीआईपी कल्चर की समाप्ति

भारतीय मूल का 38 वर्षीय हिमांशु गुलाटी नॉर्वे का तीसरी बार सांसद है और वहाँ का उप-कानून मंत्री भी. उसे कोई वीआईपी सुरक्षा नहीं मिली हुई. उसने मुझे बताया कि नॉर्वे की पिछली प्रधानमंत्री एर्ना सोलबर्ग जब एक बार उसके घर रात्रि भोज पर आईं तो वे बिना किसी सुरक्षा बंदोबस्त के स्वयं कार चला कर आईं और सीधे रसोई में जा कर रसोइए से हाल-चाल पूछने लगीं. सिडनी से मेरी मित्र विमला ने पिछला लेख पढ़ कर फ़ोन पर बताया कि कुछ दिन पहले वो सिनेमाघर में फ़िल्म देख रही थीं. अचानक उसकी निगाह पड़ी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री पर जो उसी पंक्ति में बिना किसी सुरक्षा के फ़िल्म देख रहे थे.

ये भी पढ़ें: किन्नरों द्वारा जबरन ‘नेग’ वसूली गैरकानूनी: इलाहाबाद हाई कोर्ट का सख्त संदेश

अमरीका और यूरोप के देशों में अक्सर आपको वर्तमान व निवर्तमान राष्ट्राध्यक्ष आम आदमी की तरह बाज़ारों में घूमते हुए दिख जाते हैं, जिनके आगे-पीछे कोई सुरक्षा घेरा नहीं होता. नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नेपाल में वीआईपी संस्कृति को समाप्त करने के लिए कई कड़े निर्णय लिए हैं. उम्मीद की जानी चाहिए कि वे अपने फैसलों पर टिके रहेंगे.

भारत में वीआईपी सुरक्षा पर करोड़ों का खर्च

यहाँ मेरा आशय भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों आदि की आवश्यक सुरक्षा को लेकर कोई टिप्पणी करने का नहीं है. पर इनके अलावा देश में लगभग 19,000 ऐसे लोग हैं जिन्हें सरकारी सुरक्षा प्रदान की गई है, जिस पर 66,000 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं. अकेले दिल्ली में 500 लोगों को वीआईपी सुरक्षा मिली है जिस पर लगभग 750 करोड़ रुपया सालाना खर्च होता है. अंदाज़ा लगाइए कि बाक़ी 18,500 लोगों की सुरक्षा पर कितने हज़ार करोड़ रुपया खर्च होता होगा? ये पैसा उस मतदाता की मेहनत की कमाई पर टैक्स लगाकर वसूला जाता है जिसे नर्मदा या वृंदावन की यमुना में सुरक्षा नियमों की लापरवाही के कारण बार-बार जान गंवानी पड़ती है.

श्री बांके बिहारी मंदिर का एक उदाहरण

मुझे याद है कि 2003-05 में जब मैं वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर का अदालत द्वारा नियुक्त रिसीवर था तो मैंने वहाँ वीआईपी गाड़ियों के प्रवेश को रोकने के लिए दो मुख्य रास्तों के शुरू में ही लोहे की चेन लगवा दी थी जो आज तक लगी हैं. ऐसा मैंने तब किया जब संकरे प्रवेश मार्ग में मंदिर तक जाने को आमादा एक एसडीएम की गाड़ी ने एक वृद्ध महिला को कुचल दिया. गली के बाहर मैंने एक बोर्ड भी टंगवा दिया था. जिस पर लिखा था, ‘बिहारी जी धनीनाथ या वीआईपीनाथ नहीं हैं – वे दीनबंधु दीनानाथ हैं. उनके द्वार पर दीन बनकर आओगे तभी उनकी कृपा पाओगे.’ मुझे खुशी है कि न सिर्फ़ केंद्रीय मंत्रियों ने बल्कि सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तक ने इस नियम का पालन किया.

ये भी पढ़ें: बाजारवाद के मकड़जाल से ‘गौ-आधारित’ आत्मनिर्भरता की ओर: क्या ‘सकल घरेलू उल्लास’ बनेगा भारत का नया पैमाना?

रुतबे का प्रदर्शन बनाम आत्मबल

पिछले कई दशकों से हालत यह है कि हर चंगू-मंगू, ऐरा-गैरा अपने राजनैतिक संपर्कों का लाभ उठा कर सरकारी सुरक्षा ले लेता है और फिर जनता के बीच दबंगई से घूमता है. इनमें से 99 फ़ीसदी लोग ऐसे होते हैं जिन्हें कोई ख़तरा नहीं होता. पर अपनी ताक़त और रुतबे का प्रदर्शन करने के लिए उन्हें सरकारी सुरक्षा पाने की लालसा रहती है. अगर पाठकों को ये आत्मश्लाघा न लगे तो विनम्रता से यहाँ उल्लेख करना चाहूँगा कि 1993-98 के बीच अलग-अलग जगहों पर मुझ पर कई बार जानलेवा हमले हुए.

क्योंकि ‘जैन हवाला कांड’ को उजागर करके मैंने देश के सबसे ताकतवर लोगों और हिज़्बुल मुजाहिदीन के आतंकवादियों के विरुद्ध अकेले ही युद्ध छेड़ दिया था. पर प्रभु कृपा से मैं न तो डरा, न झुका और न बिका. उस दौर में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त श्री टी एन शेषन और मैं देश भर में जनसभाओं को संबोधित करने जाते थे तो अक्सर मुझसे यह प्रश्न पूछा जाता था कि ‘आप इतना ख़तरनाक युद्ध लड़ रहे हैं, आपको डर नहीं लगता?’ मेरा श्रोताओं को उत्तर होता था, ‘मारे कृष्णा राखे के, राखे कृष्णा मारे के’, श्री चैतन्य महाप्रभु के उक्त वचन से मुझे नैतिक बल मिलता था.

आध्यात्मिक चेतना और शान-शौकत

इसलिए मुझे आश्चर्य होता है कि बड़े-बड़े मंचों से धार्मिक प्रवचन करने वाले केसरिया वेशधारी भी कमांडो और पुलिस के घेरे में रह कर गर्व का अनुभव करते हैं. माया मोह त्यागने का उपदेश देने वालों की कथनी और करनी में इस भेद के कारण ही देश की आध्यात्मिक चेतना का विकास नहीं हो पा रहा है. धर्म भी एक शान-शौकत की चीज़ बनता जा रहा है.

ये भी पढ़ें: एचबीए1सी टेस्ट पर नया अध्ययन: डायबिटीज का ‘सोने का मानक’ अब सवालों के घेरे में

प्रधानमंत्री से एक ठोस नीति की मांग

समय की माँग है कि प्रधानमंत्री मोदी जी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ इस विषय पर गंभीर चिंतन करें और एक ऐसी नीति बनाएँ जिसमें सरकार की ओर से केवल राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और सर्वोच्च व उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों को छोड़ कर बाक़ी किसी को तब तक सुरक्षा न मिले जब तक कि वास्तव में उनके जीवन को गंभीर ख़तरा न हो. इसमें उन राजनेताओं को भी अनावश्यक सुरक्षा न दी जाए जो इन पदों पर रह चुके हों, पर अब किसी पद पर न हों.

इसके बावजूद अगर कुछ नेता, उद्योगपति या अन्य लोग सरकारी सुरक्षा पाने के लिए आवेदन करें तो उन्हें यह सुरक्षा इस शर्त पर दी जाए कि वे इसका खर्चा स्वयं वहन करेंगे. यहाँ कोई सवाल खड़ा कर सकता है कि इन लोगों को सुरक्षा देना सरकार की ज़िम्मेदारी है. उसका उत्तर है कि जो लोग शासन-प्रशासन की लापरवाही से आए दिन दुर्घटनाओं में जान गंवा रहे हैं उनकी सुरक्षा की ज़िम्मेदारी किसकी है?



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read