Bharat Express DD Free Dish

अडानी एयरपोर्ट्स का बड़ा ऐलान: 5 राज्यों में बनेंगी आधुनिक एयरपोर्ट सिटी, पहले चरण में ₹20,000 करोड़ का निवेश

अडानी एयरपोर्ट्स ने 5 राज्यों के 6 एयरपोर्ट के आसपास 655 एकड़ से अधिक क्षेत्र में आधुनिक एयरपोर्ट सिटी विकसित करने की घोषणा की है. पहले चरण में ₹20,000 करोड़ का निवेश होगा.

Adani Airport City Project: अडानी एयरपोर्ट्स ने अपने एयरपोर्ट नेटवर्क के आसपास आधुनिक एयरपोर्ट सिटी विकसित करने की घोषणा की है. पहले चरण में इस परियोजना पर 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा. यह योजना 5 राज्यों के 6 एयरपोर्ट मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी के आसपास लागू होगी. कुल 655 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में विकास होगा, जिसमें लगभग 440 एकड़ जमीन केवल मुंबई और नवी मुंबई में है.

होटल, ऑफिस और मनोरंजन की मिलेंगी सुविधाएं

अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड के अनुसार, इन सभी स्थानों पर करीब 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र विकसित किया जाएगा. यहां होटल, ऑफिस, रिटेल स्टोर, रेस्टोरेंट, मनोरंजन केंद्र और सम्मेलन (कन्वेंशन) सुविधाएं बनाई जाएंगी. पूरी योजना इस तरह तैयार की जा रही है कि लोग आसानी से पैदल चलकर विभिन्न सुविधाओं तक पहुंच सकें और एयरपोर्ट, मेट्रो व शहर के परिवहन नेटवर्क से सीधा जुड़ाव मिले.

मुंबई और नवी मुंबई सबसे ज्यादा फोकस

कंपनी के मुताबिक, कुल निवेश का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा मुंबई और नवी मुंबई की परियोजनाओं पर खर्च किया जाएगा. इसका उद्देश्य मुंबई महानगर क्षेत्र को देश के प्रमुख व्यापार, वित्त और विमानन केंद्र के रूप में और मजबूत बनाना है.

वैश्विक मॉडल से मिली प्रेरणा

एएएचएल के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि दुनिया के कई बड़े एयरपोर्ट अब केवल यात्रा केंद्र नहीं, बल्कि व्यापार और शहरी विकास के प्रमुख हब बन चुके हैं. इसी सोच के तहत भारत में भी ऐसा मॉडल विकसित किया जाएगा, जिससे निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.

उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं की डिजाइन अंतरराष्ट्रीय इंजीनियरिंग और डिजाइन कंपनियों के सहयोग से तैयार की जा रही है. साथ ही हॉस्पिटैलिटी, रिटेल और मनोरंजन क्षेत्र की बदलती जरूरतों को भी ध्यान में रखा जा रहा है.


ये भी पढ़ें: अडानी पोर्ट्स की रेटिंग बढ़ाकर ‘BBB’ की, भारत की सॉवरेन रेटिंग के बराबर पहुंची कंपनी


होटल ब्रांड्स के साथ साझेदारी

इस पहल के तहत कंपनी ने आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के साथ पांच प्रीमियम और लग्जरी होटलों के प्रबंधन के लिए समझौता किया है. इसके जरिए भारत में पहली बार किम्पटन होटल ब्रांड भी लॉन्च किया जाएगा. इसके अलावा कंपनी हॉस्पिटैलिटी, रिटेल, फूड एंड बेवरेज और मनोरंजन क्षेत्र की कई भारतीय और विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी की दिशा में भी काम कर रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read