अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी ‘कच्छ कॉपर लिमिटेड’ (KCL) ने एक बड़ी ग्लोबल उपलब्धि हासिल की है. कंपनी के ब्रांड ‘अडानी कॉपर’ (Adani Copper) को औद्योगिक धातुओं के व्यापार के सबसे बड़े केंद्र, लंदन मेटल एक्सचेंज (LME) द्वारा ग्रेड-ए कैथोड के लिए आधिकारिक तौर पर पंजीकृत कर लिया गया है.
10 जुलाई से शुरू होगी ट्रेडिंग
इस बड़ी मंजूरी के बाद, अडानी कॉपर अब LME कॉपर फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट्स के तहत डिलीवरी के लिए पूरी तरह से योग्य हो गया है. कंपनी के लिए 10 जुलाई 2026 से वारंट जारी किए जा सकेंगे. LME की यह मान्यता यह साबित करती है कि KCL की मैन्युफैक्चरिंग गुणवत्ता और जिम्मेदार सोर्सिंग प्रथाएं कड़े वैश्विक मानकों पर बिल्कुल खरी उतरती हैं.
विनय प्रकाश ने जाहिर की खुशी
इस मौके पर अडानी एंटरप्राइजेज के प्राकृतिक संसाधन विभाग के सीईओ और कच्छ कॉपर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, डॉ. विनय प्रकाश ने अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, “तांबा वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन की रीढ़ है. LME ब्रांड का दर्जा मिलने से अडानी दुनिया के प्रमुख तांबा उत्पादकों में शामिल हो गया है. यह उपलब्धि रिफाइंड तांबे के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है.”
ये भी पढ़ें: बोनी कपूर की बेटी अंशुला शादी के बंधन में बंधी, बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर संग रचाया ब्याह; देखें तस्वीरें
भारी-भरकम निवेश से तैयार
आपको बता दें कि गुजरात के मुंद्रा में स्थित कच्छ कॉपर का यह प्लांट दुनिया के सबसे बड़े सिंगल-लोकेशन कस्टम कॉपर स्मेल्टर में से एक है. इसे 1.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर के भारी-भरकम निवेश से तैयार किया गया है. इस प्लांट की उत्पादन क्षमता 0.5 मिलियन टन (5 लाख टन) प्रति वर्ष है. यह शानदार उपलब्धि देश की घरेलू सप्लाई को मजबूत करेगी और विदेशों से आयात होने वाले तांबे पर भारत की निर्भरता को कम करने में बड़ी भूमिका निभाएगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



