Bharat Express DD Free Dish

अडानी एनर्जी का दमदार प्रदर्शन, ₹1,237 करोड़ का मुनाफा और रिकॉर्ड EBITDA

Adani Energy Solutions (AESL) ने Q1 FY27 में 130% की बढ़ोतरी के साथ ₹1,237 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया. EBITDA ₹3,178 करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा, जबकि स्मार्ट मीटर और ट्रांसमिशन कारोबार में भी मजबूत वृद्धि रही.

Adani Energy Solutions

Adani Energy Solutions Q1 Results FY27: अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) की पहली तिमाही (Q1) के शानदार नतीजे जारी किए हैं. कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) सालाना आधार पर 130 प्रतिशत बढ़कर 1,237 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में यह बड़ी बढ़त है.

कंपनी ने इस दौरान अब तक का सबसे अधिक तिमाही EBITDA भी दर्ज किया. EBITDA 58 प्रतिशत बढ़कर 3,178 करोड़ रुपये रहा.

कुल आय में 40% की बढ़ोतरी

Q1 FY27 में कंपनी की कुल आय 40 प्रतिशत बढ़कर 9,852 करोड़ रुपये हो गई. वहीं, ऑपरेशनल रेवेन्यू 54 प्रतिशत बढ़कर 7,117 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी के अनुसार हाल ही में शुरू हुई ट्रांसमिशन परियोजनाओं, स्मार्ट मीटर की तेज स्थापना और एनर्जी सॉल्यूशंस प्लेटफॉर्म के बेहतर प्रदर्शन से यह वृद्धि हुई है.

ट्रांसमिशन नेटवर्क लगातार मजबूत

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस ने बताया कि उसके ट्रांसमिशन नेटवर्क की औसत सिस्टम उपलब्धता 99.6 प्रतिशत रही. कंपनी का नेटवर्क बढ़कर 27,949 सर्किट किलोमीटर तक पहुंच गया है, जिससे बिजली ट्रांसमिशन क्षमता और मजबूत हुई है.

स्मार्ट मीटर कारोबार में तेजी

कंपनी ने स्मार्ट मीटरिंग सेगमेंट में भी मजबूत प्रदर्शन किया है. पहली तिमाही के अंत तक कुल 1.344 करोड़ (13.44 मिलियन) स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं. इसके अलावा, कंपनी ने IntelliSmart के अधिग्रहण का प्रस्ताव भी घोषित किया है. यह सौदा पूरा होने के बाद अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस 4.7 करोड़ (47 मिलियन) से अधिक स्मार्ट मीटर के पोर्टफोलियो के साथ देश का सबसे बड़ा स्मार्ट मीटरिंग प्लेटफॉर्म बन सकता है.

मजबूत ऑर्डर बुक से आगे की उम्मीद

कंपनी के अनुसार उसका ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट पाइपलाइन 71,779 करोड़ रुपये की है. वहीं स्मार्ट मीटर ऑर्डर बुक की संभावित आय 29,519 करोड़ रुपये आंकी गई है. कंपनी का कहना है कि मजबूत परियोजना पाइपलाइन, समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने की रणनीति और मुख्य कारोबार के विस्तार के दम पर वह आने वाले समय में भी टिकाऊ विकास पर फोकस बनाए रखेगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read