Bharat Express DD Free Dish

आंध्र प्रदेश में अदाणी ग्रुप का बड़ा कदम: अगले 10 साल में 1 लाख करोड़ का निवेश, विशाखापट्टनम बनेगा टेक हब

अदानी ग्रुप ने आंध्र प्रदेश के औद्योगिक व तकनीकी विकास को नई रफ्तार देने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के मेगा निवेश की घोषणा की है. विजाग टेक पार्क, ग्रीन-पावर्ड डेटा सेंटर और कई नए प्रोजेक्ट्स से राज्य में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है.

Adani Group, Andhra Pradesh, Karan Adani

आंध्र प्रदेश अगले कुछ सालों में देश के सबसे बड़े औद्योगिक और टेक्नोलॉजी हब में बदल सकता है. शुक्रवार को अदाणी ग्रुप ने एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि वह अगले दस वर्षों में राज्य में 1,00,000 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश करेगा. यह निवेश बंदरगाह, ऊर्जा, सीमेंट, डेटा सेंटर और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में होगा.

अदाणी ग्रुप का यह कोई पहला बड़ा निवेश नहीं है. कंपनी पहले ही आंध्र प्रदेश में 40,000 करोड़ रुपये लगा चुकी है, जिसमें बंदरगाहों से लेकर लॉजिस्टिक्स, सीमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर और रिन्यूएबल एनर्जी तक कई सेक्टर शामिल हैं. इन प्रोजेक्ट्स की वजह से अब तक 1 लाख से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल चुका है.

विजाग टेक पार्क: भारत के डिजिटल भविष्य की नई नींव

विशाखापट्टनम में आयोजित आंध्र प्रदेश इन्वेस्टर समिट के दौरान APSEZ के मैनेजिंग डायरेक्टर करन अदाणी ने सबसे बड़ा कार्ड खेला. उन्होंने 15 अरब डॉलर के विशाल विजाग टेक पार्क प्रोजेक्ट की घोषणा कर दी.

यह सिर्फ एक टेक पार्क नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन-पावर्ड हाइपरस्केल डेटा सेंटर इकोसिस्टम में से एक होगा. खास बात यह है कि यह प्रोजेक्ट Google के साथ साझेदारी में तैयार होगा. मकसद है भारत की डिजिटल रीढ़ को और मजबूत बनाना और इसे रिन्यूएबल एनर्जी से जोड़कर दुनियाभर के लिए एक मिसाल पेश करना.

करन अदाणी ने कहा, “हम आंध्र प्रदेश को सिर्फ निवेश का गंतव्य नहीं, बल्कि भारत के अगले दशक के बदलाव का लॉन्चपैड मानते हैं. विजाग टेक पार्क भारत की डिजिटल संप्रभुता की नींव है.”

हजारों नए रोजगार और मल्टी-सेक्टर ग्रोथ

अदाणी ग्रुप के मुताबिक इस निवेश का असर सिर्फ उद्योगों पर नहीं पड़ेगा, बल्कि इससे आने वाले वर्षों में हजारों नई नौकरियां भी पैदा होंगी. एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, टेक सेवाओं, डेटा टेक्नोलॉजी और ऊर्जा सेक्टर में रोजगार के नए अवसर बनने की पूरी संभावना है.

करन अदाणी ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की खुलकर तारीफ करते हुए उन्हें “आंध्र प्रदेश के असली सीईओ” बताया. उन्होंने मंत्री नारा लोकेश की भी प्रशंसा की और कहा कि उनकी कार्यशैली और तेज निर्णय क्षमता राज्य में निवेशकों के लिए बेहद अनुकूल माहौल तैयार करती है.

ये भी पढ़ें- अदाणी सीमेंट ग्लोबल TNFD फ्रेमवर्क को अपनाने वाली भारत की पहली सीमेंट कंपनी बनी, 70 लाख से अधिक लगाए पेड़

राज्य की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा बूस्ट

अगले दस वर्षों में होने वाला यह निवेश आंध्र प्रदेश के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है. इससे-

औद्योगिक विकास तेज होगा

ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी

टेक्नोलॉजी सेक्टर को नई ऊंचाई मिलेगी

हजारों परिवारों के लिए आजीविका के अवसर बढ़ेंगे

राज्य में ग्रीन एनर्जी आधारित विकास मॉडल को गति मिलेगी

कुल मिलाकर, अदाणी ग्रुप ने आंध्र प्रदेश को भारत के भविष्य के हाई-टेक और इंडस्ट्रियल पॉवरहाउस के रूप में तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read