Bharat Express DD Free Dish

‘ओडिशा का समय आ गया है’: 33,000 करोड़ के निवेश से बनेगा इतिहास; करण अडानी ने की बड़ी घोषणा

Adani Investment in Odisha 2026: भुवनेश्वर में आयोजित एक ऐतिहासिक शिलान्यास समारोह के दौरान अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (APSEZ) के प्रबंध निदेशक करण अडानी ने ओडिशा के औद्योगिक भविष्य को लेकर बड़ा विजन पेश किया.

Adani Group Investment in Odisha 2026 Karan Adani Big Announcement

Adani Investment in Odisha 2026: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की उपस्थिति में करण अडानी ने राज्य में तीन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया. करण अडानी ने कोणार्क के सूर्य मंदिर के उदाहरण के माध्यम से ओडिशा के गौरवशाली इतिहास को याद किया और कहा कि जिस तरह प्राचीन काल में कलिंग के शिल्पकारों ने गणित और विज्ञान की मदद से अद्भुत संरचनाएं बनाईं, आज अडानी समूह उसी भावना के साथ आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करने आया है.

तीन प्रमुख परियोजनाएं: रोजगार और विकास की नई इबारत

करण अडानी ने स्पष्ट किया कि अडानी समूह का ओडिशा के साथ रिश्ता महज निवेश का नहीं, बल्कि एक ‘बिल्डर’ के रूप में राज्य के भविष्य को संवारने का है. शिलान्यास की गई परियोजनाओं का विवरण इस प्रकार है.

कटक में थर्मल पावर प्लांट: लगभग 30,181 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाला यह प्लांट औद्योगिक अर्थव्यवस्था के लिए ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करेगा. इससे क्षेत्र के लोगों के लिए 7,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा होंगी.

कटक में सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट: 2,100 करोड़ रुपये के निवेश वाली यह इकाई राज्य के सड़क, स्कूल और अस्पतालों के निर्माण के लिए कच्चा माल उपलब्ध कराएगी. इस प्लांट से 2,500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.

भुवनेश्वर (इन्फो वैली) में डेटा सेंटर: 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह सेंटर ओडिशा के डिजिटल ईको-सिस्टम (AI और क्लाउड कंप्यूटिंग) की रीढ़ बनेगा. यहाँ 200 हाई-एंड नौकरियां सृजित होंगी.

‘विकसित ओडिशा’ का विजन 2047

करण अडानी ने राज्य सरकार के ‘विज़न 2036 और 2047’ रोडमैप की सराहना की, जिसका लक्ष्य 2047 तक 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना है. उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के स्पष्ट विजन और प्रशासन के सहयोगी रवैये की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार अब एक ‘गेटकीपर’ नहीं, बल्कि विकास में एक ‘पार्टनर’ बन गई है.

ये भी पढ़ें: RBI ने नहीं घटाया रेपो रेट, 5.25% पर रहेगा कायम; जानें EMI और होम लोन पर क्या पड़ेगा असर?

ओडिशा बढ़ेगा, तो अडानी समूह बढ़ेगा

करण अडानी ने भावनात्मक संदेश देते हुए कहा, “अडानी समूह की ओडिशा की सफलता में हिस्सेदारी आकस्मिक नहीं, बल्कि संरचनात्मक (Structural) है. ओडिशा जितना अधिक विकसित होगा, हम उसके साथ उतना ही अधिक बढ़ेंगे.” उन्होंने विश्वास जताया कि भारत के औद्योगिक उदय का अगला अध्याय ओडिशा की धरती पर यहाँ के लोगों द्वारा ही लिखा जाएगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read