Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

विदर्भ में 70 हजार करोड़ का निवेश करेगा अडानी ग्रुप, 30 हजार नौकरियों का रोडमैप तैयार

अडानी ग्रुप ने महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में ₹70 हजार करोड़ के निवेश रोडमैप की घोषणा की है. इस निवेश से ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और एविएशन जैसे क्षेत्रों में विकास होगा और करीब 30 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है.

Adani Group investment in Maharashtra Vidarbha

अडानी ग्रुप ने महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में करीब 70 हजार करोड़ रुपये निवेश करने की बड़ी योजना बनाई है. यह निवेश ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, एविएशन और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा. इस योजना का मकसद विदर्भ को स्वच्छ ऊर्जा, उद्योग और लॉजिस्टिक्स का बड़ा केंद्र बनाना है.

नागपुर में आयोजित एडवांटेज विदर्भ 2026 कॉन्क्लेव में अडानी एयरपोर्ट्स के डायरेक्टर जीत अडानी ने कहा कि उनका समूह विदर्भ में सिर्फ व्यापार के लिए नहीं, बल्कि लंबे समय तक साझेदारी के उद्देश्य से काम कर रहा है. उन्होंने बताया कि यह निवेश देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और विकास को आगे बढ़ाने में मदद करेगा.

कोयला गैसीफिकेशन प्रोजेक्ट से मिलेंगे हजारों रोजगार

जीत अडानी ने बताया कि इस योजना का सबसे बड़ा हिस्सा लिंगा–कलमेश्वर में बनने वाला कोयला गैसीफिकेशन प्रोजेक्ट है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 70 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इससे करीब 30 हजार लोगों को सीधे रोजगार मिलने की संभावना है. यह प्रोजेक्ट देश में उन्नत रसायन उद्योग को बढ़ावा देगा और कई जरूरी औद्योगिक कच्चे माल के लिए विदेशों पर निर्भरता कम करने में मदद करेगा.

ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स में भी बड़ी भूमिका

अडानी ग्रुप पहले से ही महाराष्ट्र के तिरोड़ा में 3,300 मेगावाट का सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट संचालित कर रहा है और 2025 में 600 मेगावाट के बुटीबोरी पावर प्लांट को पुनर्जीवित किया गया है. इसके अलावा 25 वर्षीय समझौते के तहत ग्रुप महाराष्ट्र को 6,600 मेगावाट बिजली की आपूर्ति कर रहा है, जिसमें सोलर और थर्मल दोनों शामिल हैं.

लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में विदर्भ को मजबूत बनाने के लिए बोरखेड़ी में 75 एकड़ का इनलैंड कंटेनर डिपो और महाराष्ट्र भर में 24 बॉर्डर चेक पोस्ट का अधिग्रहण किया गया है, जिससे माल ढुलाई की लागत घटेगी और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा.

नागपुर बनेगा अंतरराष्ट्रीय MRO हब

एविएशन सेक्टर में अडानी ग्रुप ने इंडामर टेक्निक्स प्राइवेट लिमिटेड का अधिग्रहण कर MIHAN में 30 एकड़ का MRO (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) कॉम्प्लेक्स विकसित किया है. 15 एयरक्राफ्ट बे और FAA व DGCA सर्टिफिकेशन के साथ यह नागपुर को अंतरराष्ट्रीय MRO हब के रूप में स्थापित करेगा.


ये भी पढ़ें: RBI MPC: रेपो रेट से लेकर महंगाई दर तक, रिजर्व बैंक के वो 5 बड़े ऐलान जो सीधा डालेंगे आपकी जेब पर असर


WEF दावोस से भी जुड़ा विदर्भ रोडमैप

यह निवेश योजना विश्व आर्थिक मंच (WEF) दावोस में महाराष्ट्र सरकार के साथ अडानी ग्रुप द्वारा साइन किए गए $66 बिलियन के MoUs के अनुरूप है. जीत अडानी ने कहा कि विदर्भ अब केवल संभावनाओं का क्षेत्र नहीं रहा, बल्कि प्रगति का प्रतीक बन रहा है. उन्होंने कहा, “विदर्भ नेतृत्व के लिए तैयार है और अडानी ग्रुप इस क्षेत्र में टिकाऊ विकास, रोजगार और आर्थिक मजबूती के लिए दीर्घकालिक भागीदार बना रहेगा.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital