Bharat Express DD Free Dish

अदाणी पोर्ट्स का दक्षिण अमेरिका में विस्तार, अर्जेंटीना से मिला 10 साल का LNG कॉन्ट्रैक्ट

APSEZ (अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन) को अर्जेंटीना के पहले LNG निर्यात प्रोजेक्ट के लिए 10 साल का बड़ा समुद्री सेवा अनुबंध मिला है. यह डील कंपनी के वैश्विक विस्तार और भारत-अर्जेंटीना ऊर्जा सहयोग को मजबूत करती है.

APSEZ Argentina LNG project

भारत की सबसे बड़ी एकीकृत परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स कंपनी अदानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (Adani Ports and Special Economic Zone Ltd. APSEZ) ने अर्जेंटीना के पहले लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) निर्यात प्रोजेक्ट के लिए 10 वर्षों का समुद्री सेवा करार हासिल किया है. इस उपलब्धि के साथ कंपनी ने दक्षिण अमेरिका में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है और वैश्विक समुद्री सेवाओं के क्षेत्र में अपनी पकड़ को और मजबूत किया है.

वैश्विक निविदा प्रक्रिया में मिली सफलता

यह अनुबंध APSEZ की सहयोगी कंपनीएडानी हार्बर इंटरनेशनल FZCO को मिला है. यह कंपनी अर्जेंटीना की मेरिडियन ग्रुप के साथ मिलकर एक टीम (कंसोर्टियम) में काम कर रही है. यह चयन एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय बोली प्रक्रिया के बाद हुआ, जिसे सदर्न एनर्जी एस.ए. (SESA) ने कराया था. इस समझौते के तहत यह टीम LNG जहाजों के लिए टगबोट चलाने, समुद्र में सप्लाई और लॉजिस्टिक्स संभालने, और कर्मचारियों को जहाज तक ले जाने-लाने की सेवाएं देगी.

70 मिलियन डॉलर के निवेश से मिलेगी मजबूती

परियोजना के लिए लगभग 7 करोड़ डॉलर (70 मिलियन डॉलर) के निवेश का अनुमान है. इसके तहत चार अत्याधुनिक टगबोट, एक एंकर हैंडलिंग टग सप्लाई वेसल और एक क्रू बोट तैनात की जाएगी, जो समुद्री परिचालन को समर्थन प्रदान करेंगी.

ऊर्जा व्यापार के नए गलियारे को मिलेगा बढ़ावा

APSEZ के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अश्वनी गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना विभिन्न देशों में बड़े ऊर्जा अवसंरचना प्रोजेक्ट्स को समर्थन देने की कंपनी की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि 12 देशों में समुद्री परिचालन और व्यापक अनुभव के बल पर APSEZ जटिल समुद्री वातावरण में विश्वसनीय सेवाएं प्रदान कर रही है. उनके अनुसार स्थानीय भागीदारों के साथ मिलकर कंपनी नए ऊर्जा व्यापार गलियारों को विकसित करने और दीर्घकालिक आपूर्ति सुरक्षा को मजबूत करने में योगदान दे रही है.

भारत-अर्जेंटीना ऊर्जा संबंधों को मिलेगा नया आयाम

अर्जेंटीना तेजी से LNG के एक प्रमुख वैश्विक आपूर्तिकर्ता के रूप में उभर रहा है. भारत और अर्जेंटीना के बीच 2027 से प्रतिवर्ष 1 करोड़ टन (10 मिलियन टन) तक LNG आपूर्ति के लिए समझौते हो चुके हैं. ऐसे में यह परियोजना दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है.


ये भी पढ़ें: Gold Rate Next Week: अगले हफ्ते कहां तक जाएगी सोने और चांदी की कीमत? इन 4 फैक्टर्स पर टिकी मार्केट की नज


2027 में शुरू होगा उत्पादन

इस LNG परियोजना को गोलर एलएनजी और पैन अमेरिकन एनर्जी की संयुक्त कंपनी SESA बना रही है. यह परियोजना अर्जेंटीना की सैन माटियास खाड़ी में स्थित है. यहां फ्लोटिंग LNG जहाज “Hilli Episeyo” की मदद से प्राकृतिक गैस को तरल (LNG) बनाया जाएगा. इस परियोजना का काम सितंबर 2027 से शुरू होने की उम्मीद है. पहले चरण में हर साल लगभग 24.5 लाख टन LNG तैयार होगा, जो करीब 28 जहाजों में भेजने के बराबर है.

यह अर्जेंटीना की पहली LNG निर्यात परियोजना होगी. इसका संचालनमेरिडियन ट्रांसपोर्टेस मैरिटिमोस S.A. करेगी, जो एडानी हार्बर इंटरनेशनल FZCO और मेरिडियन ग्रुप का संयुक्त उद्यम है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read