GST Council
मानसून सत्र से पहले जुलाई की शुरुआत में GST काउंसिल की बैठक होने की संभावना जताई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक GST काउंसिल की बैठक पहले जून में होने वाली थी, लेकिन अब जुलाई में इसकी बैठक हो सकती है. बैठक का एजेंडा क्या होगा, इसको लेकर भी नई जानकारी सामने आई है.
GST काउंसिल की बैठक का फिलहाल औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है. सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में जीएसटी रेट में बदलाव के साथ साथ कंपनसेशन सेस में भी बदलाव को लेकर चर्चा हो सकती है. बता दें कि, जीएसटी के सेस पर लगातार सवाल उठते रहे हैं. सेस सरलीकरण की बढ़ती डिमांड को लेकर राज्य और केंद्र के अधिकारियों का एक अलग से टास्कफोर्स भी बनाया जा सकता है.
सेस में हो सकता है अहम बदलाव
बताया जा रहा है कि इस बैठक में कंपनसेशन सेस पर चर्चा हो सकती है. संभावना जताई जा रही है कि सेस को टैक्स में बदला जा सकता है, क्योंकि कुछ राज्यों ने चिंता जताई है कि सेस कलेक्शन सीधे केंद्र के खाते में चला जाएगा.
ये भी पढ़ें- सर्विस में रुकावट के बाद ICICI और Axis बैंक, ड्रीमफोल्क्स से दूर जाने पर कर रहें विचार, अन्य बैंक भी कर सकते हैं ऐसा
क्यों लाया गया था कंपनसेशन सेस
केंद्र सरकार के द्वारा कंपनसेशन सेस राज्यों को रेवेन्यू में होने वाले घाटे की भरपाई को लेकर लाया गया था. जीएसटी 1 जुलाई 2017 को लागू किया गया था. उस समय यह तय हुआ था कि जीएसटी से जिन राज्यों को रेवेन्यू में नुकसान होगा, उसकी भरपाई केंद्र सरकार करेगी. इसको लेकर कंपनसेशन सेस लाया गया. यह व्यवस्था 2026 में खत्म हो जाएगी. इसको लेकर जीएसटी काउंसिल बैठक कर सकती है.
हेल्थ सेस और क्लीन एनर्जी सेस लगाने का प्रस्ताव
सूत्रों के अनुसार कंपनसेशन सेस को हटाने के लिए मंत्रियों में सहमति बन चुकी है. इसकी जगह अब हेल्थ सेस और क्लीन एनर्जी सेस लगाने का प्रस्ताव दिया गया है. हेल्थ सेस सिन गुड्स, तंबाकू जैसे उत्पादों पर लगाया जाएगा. क्लीन एनर्जी सेस कोल और लग्जरी ऑटोमोबाइल्स पर लागू किया जाएगा.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


