Stock Market
Stock Market: दिवाली का पर्व भारतीय शेयर बाजार भी पूरे उत्साह के साथ मना रहा है. त्योहार के मौके पर बाजार में निवेशकों की तरफ से जोरदार खरीदारी देखने को मिली, जिसके चलते प्रमुख सूचकांकों में तूफानी तेजी आई. निफ्टी (Nifty) में करीब 200 अंकों की बढ़त दर्ज की गई और यह 25900 के स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है, जबकि सेंसेक्स (Sensex) में 680 अंकों से अधिक का उछाल आया है. बैंक निफ्टी (Bank Nifty) भी लगभग 400 अंकों की तेजी के साथ मजबूती दिखा रहा है.
RIL और बैंकिंग स्टॉक बने हीरो
आज की तेजी में कुछ चुनिंदा शेयरों ने शानदार प्रदर्शन किया और ‘हीरो’ साबित हुए. रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries – RIL) के शेयरों में करीब 3 फीसदी का जोरदार उछाल आया. इसके अलावा, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में जबरदस्त रैली देखने को मिली, जिससे निवेशकों के चेहरे खिल उठे. एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के शेयर में 1.50 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई. कोटक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, इंफोसिस और बजाज फिनसर्व के शेयरों में भी करीब 2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
छोटे-मझोले शेयरों में अपर सर्किट
बाजार की इस तेजी का फायदा छोटे और मझोले शेयरों को भी मिला. बीएसई (BSE) पर कारोबार कर रहे 3,397 सक्रिय शेयरों में से 1,949 शेयरों में तेजी देखी जा रही है, जबकि 1,235 शेयर गिरावट पर रहे. खास बात यह है कि 108 शेयरों में अपर सर्किट लगा, यानी इनमें जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली. वहीं, 81 शेयर 52 हफ्ते के अपने उच्चतम स्तर (52-week high) पर कारोबार कर रहे हैं. बैंकिंग शेयरों की बात करें तो डीसीबी बैंक में 11%, साउथ इंडिया बैंक में 10% और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में 7% की तेजी रही.
सभी सेक्टर्स में रौनक
मेटल सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर्स में रौनक रही. एफएमसीजी, ऑटो, आईटी, मीडिया, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक, फाइनेंशियल, फार्मा और हेल्थकेयर जैसे सेक्टर्स में लगभग 1 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की गई, जिसने बाजार को और मजबूती दी. कुल मिलाकर, दिवाली के मौके पर बाजार ने निवेशकों को एक बड़ा तोहफा दिया है.
यह भी पढ़िए: पीएम मोदी ने दीं दिवाली की शुभकामनाएं, कहा- हमारे जीवन को सुख, समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे यह पर्व
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
