Bharat Express DD Free Dish

मिल गई 2025 की सबसे बड़ी गुड न्यूज: भारत बना चौथी आर्थिक महाशक्ति, जापान छूटा पीछे; अमेरिका-चीन सतर्क

India 4th Largest Economy: भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. 2025 में 4.18 ट्रिलियन डॉलर की GDP के साथ भारत ने जापान को पीछे छोड़ दिया. महंगाई 0.71% के निचले स्तर पर है. यह साल 2025 में अबतक की सबसे बड़ी गुड़ न्यूज है. आइये जानें आंकड़े क्या कहते हैं?

India Surpasses Japan to Become World 4th Largest Economy Know GDP Growth Rate

India 4th Largest Economy: साल 2025 भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक स्वर्णिम अध्याय साबित हुआ है. भारत सरकार की ताजा आर्थिक समीक्षा के अनुसार, भारत ने जापान को पछाड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था (4th Largest Economy) का ताज अपने नाम कर लिया है. 4.18 ट्रिलियन डॉलर (करीब 350 लाख करोड़ रुपये) की जीडीपी के साथ भारत ने यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है. यह खबर ऐसे समय में आई है जब पूरी दुनिया मंदी और युद्ध की आहट सुन रही है, लेकिन भारत 8.2% की जीडीपी ग्रोथ के साथ सबसे तेजी से दौड़ रहा है.

यह सिर्फ रैंकिंग (India beats Japan economy) का खेल नहीं है, बल्कि एक ऐसा ‘गोल्डिलॉक्स पीरियड’ है जहां महंगाई रसातल में है और ग्रोथ सातवें आसमान पर. अमेरिकी प्रतिबंधों और वैश्विक तनाव के बावजूद भारत ने यह चमत्कार कैसे किया? क्या हम वाकई अगले 3 साल में जर्मनी को भी पीछे छोड़ने वाले हैं?

महंगाई पर लगाम भविष्य की उड़ान (Indian Economy News)

इस उपलब्धि को अर्थशास्त्री ‘गोल्डिलॉक्स पीरियड’ बता रहे हैं, जिसका मतलब है कि अर्थव्यवस्था न ज्यादा गर्म है, न ठंडी, बल्कि बिल्कुल सही स्थिति में है. जहां एक तरफ जीडीपी बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ महंगाई दर गिरकर 0.71% के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गई है. सरकार और वैश्विक रेटिंग एजेंसियों (IMF, Moody’s) का दावा है कि भारत की यह रफ्तार यही नहीं रुकने वाली. अगले ढाई से तीन सालों में भारत जर्मनी को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने के लिए तैयार है.

India Largest Economy GDP Growth

 

अर्थव्यवस्था की जीडीपी ग्रोथ (Largest Economy GDP Growth)

भारत की नॉमिनल जीडीपी अब 4.18 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जिसने जापान को पांचवें स्थान पर धकेल दिया है. वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (Q2) में भारत की रियल जीडीपी ग्रोथ 8.2% दर्ज की गई, जो पिछली तिमाहियों के मुकाबले काफी बेहतर है. यह ग्रोथ मुख्य रूप से घरेलू मांग (Domestic Demand) और इंडस्ट्रियल सेक्टर के शानदार प्रदर्शन के कारण हुई है. खास बात यह है कि अगस्त में अमेरिका द्वारा रूसी तेल खरीद पर लगाए गए टैरिफ और वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत ने यह रफ्तार पकड़ी है.

महंगाई में ऐतिहासिक गिरावट (Historic Drop in Inflation)

आम जनता के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर महंगाई के मोर्चे पर है. साल 2025 की शुरुआत में जो खुदरा महंगाई (CPI) 4.26% थी, वह नवंबर आते-आते गिरकर मात्र 0.71% रह गई है. खाने-पीने की चीजों के दाम घटने से यह चमत्कार हुआ है. इसी को देखते हुए आरबीआई ने भी अपनी ब्याज दरों में 0.25% की कटौती की है, जिससे होम लोन और कार लोन सस्ते होने का रास्ता साफ हो गया है. थोक महंगाई में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे बाजार में कीमतों की स्थिरता बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: 2026 में कहां होगा भारत? सूर्य से ‘पावर’ और पीएम मोदी से मिलेगी मंगल की महादशा; क्या कहता है अंकगणित?

बेरोजगारी दर में कमी और निर्यात (India 4th Largest Economy)

रोजगार के मोर्चे पर भी भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है. आंकड़ों के मुताबिक, बेरोजगारी दर अक्टूबर के 5.2% से घटकर नवंबर में 4.7% पर आ गई है, जो अप्रैल 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है. इसमें सबसे सुखद पहलू यह है कि ग्रामीण महिलाओं को काम मिलने की दर में बड़ा सुधार हुआ है. वहीं, निर्यात की बात करें तो नवंबर 2025 में मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट बढ़कर 38.13 अरब डॉलर हो गया है. काजू, मरीन प्रोडक्ट्स और इंजीनियरिंग गुड्स की मांग दुनिया भर में बढ़ी है.

  • बेरोजगारी दर: 4.7% (नवंबर)
  • एक्सपोर्ट: 38.13 बिलियन डॉलर
  • विदेशी मुद्रा भंडार: 686.2 बिलियन डॉलर

India Largest Economy GDP Growth

वैश्विक एजेंसियों का भरोसा

भारत की इस सफलता पर दुनिया की दिग्गज रेटिंग एजेंसियों ने भी मुहर लगाई है. मूडीज का कहना है कि भारत G-20 देशों में सबसे तेजी से बढ़ने वाली इकोनॉमी बना रहेगा. वहीं, फिच और आईएमएफ (IMF) ने भी भारत के ग्रोथ अनुमान को बढ़ाया है. सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को ‘उच्च मध्यम-आय’ (High Middle Income) वाला देश बनाना है. जिस तरह से बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा पर काम हो रहा है, उसे देखते हुए 2027-28 तक भारत का जर्मनी को पछाड़कर तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनना तय माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: ट्रंप के रास्ते पर जिनपिंग, अब भारत-पाकिस्तान के बीच आया चीन, अमेरिका के दावे पर डाका

भारत का ‘गोल्डिलॉक्स पीरियड’ (India 4th Largest Economy)

जापान को पछाड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना भारत के लिए महज एक आंकड़ा नहीं, बल्कि वैश्विक पटल पर उसके बढ़ते प्रभाव का सबूत है. ‘गोल्डिलॉक्स पीरियड’ का यह दौर बताता है कि भारत की आर्थिक नींव अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है. कम महंगाई, घटती बेरोजगारी और रिकॉर्ड तोड़ जीडीपी ग्रोथ यह साबित करती है कि भारत अब दुनिया के लिए ‘इंजन ऑफ ग्रोथ’ बन चुका है. नए साल में यह खबर हर भारतीय के लिए गर्व और आत्मविश्वास का कारण है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read