Indian Stock Market: भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सोमवार को सपाट हुई. बाजार के ज्यादातर सूचकांकों में मिलाजुला कारोबार हो रहा है. सुबह 9:30 पर सेंसेक्स 10 अंक की मामूली गिरावट के साथ 81,196 और निफ्टी 8 अंक की बढ़त के साथ 24,902 पर था.
बैंकिंग सेक्टर बना बाजार का सहारा
शुरुआती कारोबार में बैंकिंग शेयर बाजार को ऊपर खींचने का काम कर रहे थे. निफ्टी बैंक 187 अंक या 0.34 प्रतिशत की मजबूत बढ़त के साथ 55,776 पर था. इसके अलावा आईटी, पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, प्राइवेट बैंक और सर्विसेज इंडेक्स हरे निशान में थे. दूसरी तरफ ऑटो, फार्मा, एफएमसीजी, मेटल, एनर्जी, इन्फ्रा और पीएसई लाल निशान में थे.
कौन बने टॉप गेनर्स और लूजर्स?
सेंसेक्स पैक में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, इन्फोसिस और इटरनल (जोमैटो) टॉप गेनर्स थे. टाटा स्टील, पावर ग्रिड, टाइटन, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी और एचयूएल टॉप लूजर्स थे.
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी सपाट कारोबार हो रहा है. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 32 अंक या 0.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ 57,527 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 30 अंक या 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,908 पर था.
ये भी पढ़ें: ट्रेड डील पर अमेरिका के साथ किन मुद्दों को सुलझाने की जरूरत? एस जयशंकर ने दिया जवाब
जानकारों की राय
बाजार के जानकारों का कहना है कि विकास को प्रोत्साहित करने वाली मौद्रिक नीति से उत्पन्न निवेशकों के सकारात्मक सेंटीमेंट को निरंतर विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली से चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन वित्त वर्ष 27 के लिए विकास और कॉर्पोरेट आय पर सकारात्मक खबरों से यह स्थिति बनी रह सकती है.
जानकारों ने आगे कहा कि बाजार अमेरिका-भारत व्यापार तनाव के सकारात्मक समाधान की प्रतीक्षा कर रहा है. एक व्यापार समझौता बाजार में तेजी का कारण बन सकता है. हमें इस मोर्चे पर घटनाक्रमों पर नजर रखनी होगी.
वैश्विक बाजारों का हाल
एशिया के बाजारों में मिलाजुला कारोबार हो रहा है. टोक्यो और जकार्ता में तेजी थी. वहीं, बैंकॉक और हांगकांग के बाजार लाल निशान में थे. अमेरिकी बाजार भी शुक्रवार को मिश्रित बंद हुए थे.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



