Bharat Express DD Free Dish

Lenovo ने भारत में बनाया नया रिकॉर्ड, 2024 में बनाए और निर्यात किए 1.2 करोड़ डिवाइस

लेनोवो ने 2024 में भारत में 1.2 करोड़ डिवाइस बनाए और निर्यात किए. कंपनी एआई-चालित मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च और क्लाउड कंप्यूटिंग में निवेश बढ़ा रही है.

Lenovo India
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

टेक वर्ल्ड इंडिया 2025 में लेनोवो (Lenovo) ने ऐलान किया कि कंपनी ने पिछले साल भारत में 1.2 करोड़ डिवाइस बनाए और दुनिया भर में निर्यात किए. इस उपलब्धि के साथ, कंपनी अपने उत्पादन को दोगुना करने के लक्ष्य से भी आगे निकलने की उम्मीद कर रही है.

लेनोवो ने बताया कि आने वाले समय में वह अपने उत्पादन क्षमता में 40% की बढ़ोतरी करेगा. यह बढ़ोतरी घरेलू और निर्यात मांग दोनों को पूरा करने के लिए होगी. कंपनी अब एआई-चालित मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च और डेवलपमेंट में निवेश और एंटरप्राइज़ सॉल्यूशंस पर ज्यादा ध्यान दे रही है.

कंपनी ने खुलासा किया कि इस वित्तीय वर्ष में पुडुचेरी प्लांट में एआई सर्वर का निर्माण शुरू होगा. इससे भारत एंटरप्राइज़ एआई डिप्लॉयमेंट और क्लाउड कंप्यूटिंग में एक अहम भूमिका निभाएगा. पुडुचेरी के अलावा, कंपनी डिक्सन टेक्नोलॉजीज के साथ भी काम कर रही है.

लेनोवो इंडिया के एमडी ने क्या कहा?

लेनोवो इंडिया के एमडी शैलेन्द्र कात्याल ने कहा, “भारत में हमारी एआई रणनीति का असर दिख रहा है. वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तीन तिमाहियों में हमारी कमाई 71% बढ़ी है. 2024 में ‘मेड इन इंडिया’ डिवाइस की बिक्री 18,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई.”

टेक वर्ल्ड इंडिया 2025 में लेनोवो ने कई एआई-आधारित इनोवेशन पेश किए, जिससे डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और भारत की एआई-फर्स्ट इकोनॉमी को मजबूती मिलेगी. कंपनी ने भारत के पीएलआई 2.0 स्कीम के तहत पहला एआई-रेडी पीसी भी लॉन्च किया.

इवेंट में इंटेलिजेंट डिवाइसेज़, ट्रांसपेरेंट डिस्प्ले, क्रिएटिव वर्कशॉप और गेमिंग के हाई-ऑक्टेन अनुभव शामिल थे. लेनोवो फास्टस्टार्ट ने भारतीय कारोबारों के लिए नई एआई सॉल्यूशंस और देश के खेल क्षेत्र को बदलने वाली तकनीकों को पेश किया.

लेनोवो के अनुसार, कंपनी अब भारत में लगभग सभी पर्सनल कंप्यूटर मॉडल का निर्माण शुरू कर चुकी है और मोटोरोला स्मार्टफोन्स का 100% उत्पादन स्थानीय स्तर पर हो रहा है.

लेनोवो इंडिया में 14,000 कर्मचारी हैं, जिनमें से एक तिहाई तकनीकी टीम में महिलाएं हैं. यह टीम मोटोरोला, शेयरड सपोर्ट सेंटर और आईएसजी इनोवेशन लैब्स का हिस्सा है. कंपनी एआई-पावर्ड लॉजिस्टिक्स का इस्तेमाल कर रही है, जिससे आठ प्रमुख भारतीय बाजारों में चार घंटे में डिलीवरी संभव हो रही है.

MWC 2025 में लेनोवो के नए इनोवेशन

  • योगा सोलर पीसी: इसमें सोलर पैनल दिया गया है, जो 24% तक एनर्जी कन्वर्जन क्षमता रखता है.
  • थिंकबुक फ्लिप: यह फोल्डेबल OLED टचस्क्रीन के साथ आता है, जो वर्कस्पेस को बढ़ाने में मदद करता है.
  • मैजिक बे एक्सेसरीज: इसमें 8-इंच मैजिक बे सेकंड डिस्प्ले और डुअल डिस्प्ले कॉन्सेप्ट शामिल है.
  • टीको प्रो और टीको इमोजी फ्रेंड: टीको प्रो में विजेट्स और टेलीप्रॉम्प्टर दिए गए हैं, जबकि टीको इमोजी फ्रेंड एक एआई असिस्टेंट है, जो इंटरैक्टिव इमोजी दिखाता है.
  • थिंकपैड X13 Gen 6: यह लेनोवो का सबसे हल्का लैपटॉप है.

ये भी पढ़ें- अनुच्छेद 370 हटने के बाद पहली बार जारी हुई J&K की आर्थिक रिपोर्ट, विकास और रोजगार में उछाल


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read