नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर दायर याचिका पर दिल्ली की राऊज एवेन्यु कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है. अदालत इस मामले में अब 23 दिसंबर को अपना फैसला सुनाएगी. एक महिला शोधार्थी ने सांसद पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस द्वारा केस दर्ज न किए जाने के बाद अदालत का रुख किया है.
पुलिस की जांच में देरी पर उठे सवाल
सुनवाई के दौरान पुलिस की रिपोर्ट और अन्य तथ्यों को परखने के बाद कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रखा. इससे पहले की सुनवाई में दिल्ली पुलिस की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया था कि शिकायत पर जांच चल रही है और अभी तक बैंक डिटेल हासिल नहीं हो सकी है.
दूसरी तरफ, शिकायतकर्ता के वकील ने पुलिस की कार्रवाई और देरी पर कड़ा ऐतराज जताया था. वकील का कहना था कि महिला ने जुलाई 2025 में ही शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस जांच को लटका रही है. उन्होंने दलील दी कि अब जाकर ट्रैवल डेटा खंगाला जा रहा है, जबकि गंभीर आरोपों में तुरंत एफआईआर दर्ज होनी चाहिए थी. शिकायतकर्ता पक्ष ने यह आशंका भी जताई थी कि जांच में सुस्ती से आरोपी मामले को प्रभावित कर सकता है. वकील ने यह भी तर्क रखा कि शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामलों में कम से कम सात साल से लेकर अधिकतम उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है.
यूपी की सियासत पर भी पड़ सकता है असर
यह मामला केवल कानूनी दायरों तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि सियासी नजरिये से भी अहम माना जा रहा है. आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिहाज से राऊज एवेन्यु कोर्ट के इस फैसले का असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है. गौरतलब है कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है, ऐसे में 23 दिसंबर को आने वाले अदालत के रुख पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी.
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्नल सोफिया पर विवादित टिप्पणी का मामला: सुप्रीम कोर्ट ने टाली सुनवाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




