Bharat Express DD Free Dish

30 हजार से अधिक करदाताओं ने घोषित की विदेशी संपत्ति, Nudge Campaign से हुआ ₹30,300 करोड़ का खुलासा: वित्त मंत्री

आयकर विभाग की ‘नज कैंपेन’ से 30,000 से अधिक करदाताओं ने ₹30,300 करोड़ की विदेशी संपत्ति और आय घोषित की. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में इसका खुलासा किया.

Nirmala Sitharaman

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को लोकसभा में जानकारी दी कि आयकर विभाग की ‘नज कैंपेन’ के तहत 30,000 से अधिक करदाताओं ने अपने विदेशी संपत्तियों और आय का खुलासा किया है. कुल मिलाकर, करदाताओं ने ₹30,300 करोड़ की अतिरिक्त विदेशी संपत्तियां और आय घोषित की है.

वित्त मंत्री ने बताया कि आयकर विभाग ने 19,501 करदाताओं को एसएमएस और ईमेल के जरिए संपर्क किया और उन्हें 2024-25 के लिए दाखिल किए गए अपने आयकर रिटर्न की समीक्षा करने के लिए प्रेरित किया. इसमें विशेष रूप से विदेशी संपत्तियों और आय के विवरण की जांच करने का अनुरोध किया गया था.

11,162 करदाताओं ने किया संपत्ति का खुलासा

इस मुहिम के तहत, 11,162 करदाताओं ने अपने आईटीआर को संशोधित किया और ‘शेड्यूल फॉरेन एसेट्स’ फॉर्म भरा. उन्होंने कुल ₹11,259.29 करोड़ की विदेशी संपत्तियां और ₹154.42 करोड़ की विदेशी आय घोषित की.

इसके अलावा, 883 करदाताओं ने अपने संशोधित आईटीआर में अपनी कर स्थिति को ‘निवासी’ से बदलकर ‘अनिवासी’ किया. वहीं, 13,516 अन्य करदाताओं ने अपने संशोधित आईटीआर में ₹7,564 करोड़ की विदेशी संपत्तियां और ₹353 करोड़ की विदेशी आय घोषित की.

₹30,300 करोड़ की विदेशी संपत्तियों का खुलासा

वित्त मंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत कुल 30,161 करदाताओं ने अपनी विदेशी संपत्तियों को घोषित किया. इसमें ₹29,208 करोड़ की संपत्तियां और ₹1,089 करोड़ की विदेशी आय शामिल है.

आयकर विभाग की यह मुहिम प्रभावी साबित हुई है, जिससे हजारों करदाताओं ने अपनी विदेशी संपत्तियों का खुलासा किया और बकाया कर राशि जमा की. वित्त मंत्री ने इसे पारदर्शिता और कर अनुपालन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read