Bharat Express DD Free Dish

ईरान के साथ इजरायल की जंग छिड़ी, APSEZ ने कहा- हाइफा पोर्ट पर सभी कर्मचारी सेफ, काम-काज सामान्य

अडाणी पोर्ट्स ने कहा- इजरायल के हाइफा पोर्ट पर हमारे समूह के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और कामकाज सामान्य है. क्षेत्रीय तनाव के बावजूद पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह सुरक्षित है.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और हालिया सैन्य गतिविधियों के बीच, अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) ने आज एक महत्वपूर्ण बयान जारी किया है. APSEZ ने कहा है कि इजरायल स्थित उसके ‘हाइफा पोर्ट’ (Haifa Port) पर सभी परिचालन सामान्य रूप से चल रहे हैं और वहां कार्यरत सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं.

सुरक्षित है हमारा इंफ्रास्ट्रक्चर

APSEZ द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, हाइफा पोर्ट कंपनी ने पुष्टि की है कि पोर्ट की संपत्ति और बुनियादी ढांचे (Infrastructure) को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है. कंपनी ने कहा, “हाइफा पोर्ट कंपनी पुष्टि करती है कि उसके सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं. पोर्ट की सभी संपत्तियां और इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह सुरक्षित और चालू स्थिति में हैं.”

मंत्रालय के साथ समन्वय बना

मौजूदा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, पोर्ट ऑपरेटर ने कहा है कि वे हालात पर पैनी नजर रखे हुए हैं. कंपनी इजरायल के ‘परिवहन और सड़क सुरक्षा मंत्रालय’ (Ministry of Transport and Road Safety) के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए है और अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही काम कर रही है.

सप्लाई चेन के लिए महत्वपूर्ण

अडाणी पोर्ट्स ने इस बात पर जोर दिया कि इजरायल की सप्लाई चेन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की निरंतरता बनाए रखने के लिए पोर्ट का स्थिर संचालन अत्यंत आवश्यक है. कंपनी ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे अपने लोगों की सुरक्षा और परिचालन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए समर्पित हैं.

तनाव के बीच राहत भरी खबर

यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और जवाबी हमलों के कारण क्षेत्र में अनिश्चितता का माहौल है. ऐसे में हाइफा पोर्ट से सामान्य कामकाज की खबर अंतरराष्ट्रीय व्यापार जगत और निवेशकों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखी जा रही है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read