PHDCCI को मिला नया नेतृत्व
PHDCCI New President: नई दिल्ली में 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के 121वें वार्षिक अधिवेशन में संगठन की नई नेतृत्व टीम की घोषणा की गई. इस दौरान KEI Industries Ltd. के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल गुप्ता ने चैंबर के नए अध्यक्ष का पदभार संभाला. उन्होंने इस जिम्मेदारी में राजीव जुनेजा की जगह ली है, जो अब संगठन में इमीडिएट फॉर्मर प्रेसिडेंट की भूमिका निभाएंगे.
नई टीम में इन उद्योगपतियों को मिली जिम्मेदारी
PHDCCI की नई टीम में Epack Group of Companies के सह-संस्थापक संजय सिंघानिया को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया है. वहीं JK Tyre & Industries Ltd. के मैनेजिंग डायरेक्टर अंशुमान सिंघानिया को वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उद्योग जगत के इन अनुभवी चेहरों के आने से संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
अध्यक्ष बनने के बाद अनिल गुप्ता ने क्या कहा?
पदभार ग्रहण करने के बाद अनिल गुप्ता ने कहा कि ऐसे समय में PHDCCI का नेतृत्व संभालना उनके लिए सम्मान की बात है, जब भारत वैश्विक आर्थिक ताकत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य नए विचारों को बढ़ावा देना, सरकार और उद्योग जगत के बीच सहयोग को और मजबूत करना, नवाचार और तकनीक को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय कंपनियों को वैश्विक स्तर पर बेहतर अवसर दिलाने की दिशा में काम करना रहेगा.
उन्होंने यह भी कहा कि वे PHDCCI को उद्योग, सरकार और विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद और सहयोग का और प्रभावी मंच बनाने का प्रयास करेंगे, ताकि देश के समावेशी आर्थिक विकास में संगठन की भूमिका और मजबूत हो सके.
संजय सिंघानिया ने जताई नई उम्मीदें
सीनियर वाइस प्रेसिडेंट का कार्यभार संभालने के बाद संजय सिंघानिया ने कहा कि नई नेतृत्व टीम का हिस्सा बनना उनके लिए खुशी की बात है. उन्होंने विश्वास जताया कि अनिल गुप्ता, संगठन के नेतृत्व और सदस्यों के साथ मिलकर उद्योग और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी पहल की जाएगी.
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि चैंबर और कारोबार जगत के बीच जुड़ाव और मजबूत हो तथा देश की आर्थिक प्रगति में सार्थक योगदान दिया जा सके.
राजीव जुनेजा ने साझा किया अपना अनुभव
अपने कार्यकाल को याद करते हुए राजीव जुनेजा ने कहा कि PHDCCI के अध्यक्ष के रूप में काम करना उनके लिए बेहद संतोषजनक और सीख से भरा अनुभव रहा. उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों और टीम का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.
राजीव जुनेजा ने भरोसा जताया कि नई नेतृत्व टीम संगठन की मजबूत विरासत को आगे बढ़ाएगी और इसके प्रभाव को और व्यापक बनाएगी.
CEO और सचिव महासचिव ने दी शुभकामनाएं
PHDCCI के सीईओ और सचिव महासचिव डॉ. रंजीत मेहता ने नई टीम का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन को ऐसे अनुभवी और दूरदर्शी नेताओं का नेतृत्व मिलना सौभाग्य की बात है. उनके मुताबिक, नई टीम का अनुभव, रणनीतिक सोच और उत्कृष्ट कार्यशैली उद्योग विकास, नवाचार, प्रतिस्पर्धा और राष्ट्रीय प्रगति को नई गति देने में मदद करेगी.
उन्होंने कहा कि PHDCCI नई नेतृत्व टीम के साथ मिलकर अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने और सदस्यों व हितधारकों के लिए और अधिक मूल्य सृजित करने की दिशा में काम करेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

