Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

रूस-यूक्रेन युद्ध में 4.90 लाख रूसी सैनिकों की मौत? लीक डेटा में बड़ा दावा

Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है. रोसस्टैट के कथित लीक डेटा के अनुसार सितंबर 2026 तक 4.90 लाख से ज्यादा रूसी सैनिकों की मौत दर्ज हुई. जानिए पूरी रिपोर्ट और आंकड़ों का विश्लेषण.

Russian Soldier Deaths 1

रूस-यूक्रेन जंग में रूस को बड़ा झटका

Russia Ukraine War: फरवरी 2022 से रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है. रूस की सरकारी सांख्यिकी एजेंसी के कथित तौर पर लीक हुए डेटा के विश्लेषण में कहा गया है कि सितंबर 2026 तक युद्ध से जुड़े मामलों में करीब 4.90 लाख रूसी सैनिकों की मौत दर्ज की गई थी. हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है, क्योंकि कई मामलों में मौत का रिकॉर्ड सरकारी डेटाबेस में काफी देर से दर्ज किया जाता है.

जर्मन मैगजीन और रूसी मीडिया ने किया डेटा का विश्लेषण

जर्मनी की प्रतिष्ठित मैगजीन ‘डेर स्पीगल’ और रूस के कई स्वतंत्र मीडिया संस्थानों ने इस लीक हुए डेटा की विस्तृत जांच की है. रिपोर्टों के अनुसार, यह जानकारी रूस की सरकारी एजेंसी रोसस्टैट (Rosstat) के सिस्टम से हासिल किए गए दस्तावेजों के आधार पर सामने आई है. बताया गया है कि Cyberpartisans और Silent Crow नाम के हैकर समूहों ने रोसस्टैट के नेटवर्क में सेंध लगाकर यह डेटा प्राप्त किया. इन समूहों के बारे में कहा जाता है कि उनका संबंध बेलारूस के विपक्षी संगठनों और यूक्रेन समर्थक नेटवर्क से है.

मौत के आंकड़ों तक कैसे पहुंचे जांचकर्ता?

रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स ने मौत से जुड़े सरकारी दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया, जिनमें जून 2023 से सितंबर 2026 के अंत तक के रिकॉर्ड शामिल थे. इन रिकॉर्ड्स का अध्ययन करते समय मीडिया संगठनों ने मौत के कारण, मौत की जगह और मृत व्यक्ति के पेशे जैसी जानकारियों का इस्तेमाल किया. इन विभिन्न संकेतकों की मदद से युद्ध में मारे गए सैनिकों का अनुमान तैयार किया गया. विश्लेषण के अनुसार, फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने से लेकर सितंबर 2026 के अंत तक 4.90 लाख से अधिक रूसी सैनिकों की मौत दर्ज की गई. इस आंकड़े में सिर्फ युद्धक्षेत्र में मारे गए सैनिक ही नहीं, बल्कि चोटों और सैन्य गतिविधियों से जुड़ी अन्य मौतें भी शामिल हैं.

चार अलग-अलग स्रोतों से मिलान कर हुई पुष्टि

रूसी मीडिया संस्थान मीडियाजोना (Mediazona) और मेडुजा (Meduza) ने हैकर्स से मिले दस्तावेजों की विश्वसनीयता परखी. इसके लिए उन्होंने चार अलग-अलग स्रोतों का मिलान किया. इनमें सैनिकों की मौत की नामवार सूचियां, रूस के विरासत संबंधी रिकॉर्ड, नागरिक मौतों से जुड़े अन्य लीक दस्तावेज और रोसस्टैट द्वारा पहले जारी किए गए आधिकारिक आंकड़े शामिल थे. जांच में सामने आया कि 29 सितंबर 2026 तक जिन सैनिकों की मौत नामवार सूची में दर्ज थी, उनमें से 95.1 प्रतिशत मामलों का रिकॉर्ड हैक हुए डेटाबेस में भी मौजूद था. इसी आधार पर मीडिया संस्थानों ने इस डेटा को भरोसेमंद माना.

रूस ने डेटा चोरी के दावे को नकारा

रोसस्टैट ने नवंबर की शुरुआत में अपने सिस्टम पर साइबर हमले की पुष्टि की थी, लेकिन एजेंसी ने यह स्वीकार नहीं किया कि कोई संवेदनशील डेटा चोरी हुआ है. दूसरी ओर, लीक हुए दस्तावेजों का विश्लेषण करने वाले मीडिया संगठनों का कहना है कि उपलब्ध रिकॉर्ड से रूस के सैन्य नुकसान का बड़ा संकेत मिलता है.

ये भी पढ़ें-‘बांग्लादेश तैयार रहो…’, जलते बांग्लादेश के बीच 16 दिसंबर को अपने देश लौट रही शेख हसीना

पहले भी सामने आ चुके हैं सैनिकों के नुकसान के अनुमान

अमेरिकी थिंक टैंक सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) ने जुलाई 2026 में अनुमान लगाया था कि युद्ध में 4 लाख से 4.50 लाख रूसी सैनिकों की जान जा चुकी है. उसी रिपोर्ट में यूक्रेन के 1.25 लाख से 1.50 लाख सैनिकों के मारे जाने का अनुमान भी जताया गया था. वहीं, मीडियाजोना अब तक नाम के आधार पर 2,89,136 रूसी सैनिकों की मौत की पुष्टि कर चुका है. दूसरी तरफ, यूक्रेन की वेबसाइट UA Losses पर 1,06,285 यूक्रेनी सैनिकों की मौत दर्ज है. हालांकि दोनों प्लेटफॉर्म यह मानते हैं कि उनके पास मौजूद सूची अभी भी पूरी नहीं है और वास्तविक आंकड़े इससे अधिक हो सकते हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism