स्टॉक मार्केट.
Stock Market News: आज, 28 फरवरी को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स में लगभग 1000 अंकों (1.31%) की गिरावट आई, जो 73,600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. वहीं, निफ्टी में भी 300 अंकों (1.33%) की गिरावट आई और यह 22,250 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. इस गिरावट के साथ, निवेशकों की कुल वेल्थ में 7.5 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है.
सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट आई, जबकि केवल 2 में तेजी देखी गई. निफ्टी के 50 शेयरों में से 46 में गिरावट और केवल 4 में बढ़ोतरी रही. सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट देखी जा रही है, जिसमें निफ्टी IT, ऑटो, मीडिया, सरकारी बैंकों, मेटल और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में 1% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है.

ग्लोबल मार्केट का असर
भारतीय शेयर बाजार पर वैश्विक घटनाओं का भी असर दिख रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पुष्टि की कि 4 मार्च से कनाडा और मेक्सिको पर 25% टैरिफ लगाए जाएंगे, साथ ही चीन पर 10% अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा. इसके अलावा, विदेशी निवेशकों ने 27 फरवरी को भारतीय बाजार से 556.56 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं, जबकि घरेलू निवेशकों ने 83,000 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे. इस कारण बाजार पर दबाव बढ़ गया है.
बता दें कि भारत की तीसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े आज जारी होने हैं, जिससे पहले निवेशक सतर्क हैं. अनुमान है कि भारत की अर्थव्यवस्था इस तिमाही में 6.3% की दर से बढ़ेगी, हालांकि आगे की ग्रोथ को लेकर अनुमान थोड़ा संयमित है.
प्रमुख शेयर बाजारों का हाल
आज गिरावट ग्लोबल बाजारों में भी देखने को मिल रही है. एशियाई बाजारों में जापान के निक्केई में 2.81%, कोरिया के कोस्पी में 3.08%, और हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में 2.27% की गिरावट आई है. अमेरिकी शेयर बाजार में भी गिरावट रही, जहां डाओ जोंस 0.45% गिरकर बंद हुआ.
शेयर बाजार में इस गिरावट से निवेशकों के लिए यह समय सतर्क रहने का है. फिलहाल, बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है और निवेशकों को भविष्य में अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है.
यह भी पढ़िए: भारत में संस्थागत निवेशक क्षेत्र में 2 वर्षों में 69% वृद्धि, बाजार पूंजीकरण $5.2 ट्रिलियन तक पहुंचा
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





