Stock Market Crash Today: गुरुवार का दिन शेयर बाजार के लिए भारी रहा, खासकर आईटी सेक्टर के लिए. सुबह से ही स्क्रीन लाल दिख रही थीं और दिन खत्म होते-होते हालात और बिगड़ गए. देश की बड़ी आईटी कंपनियों जैसे इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, विप्रो और टेक महिंद्रा के शेयर 5 प्रतिशत तक टूट गए. नतीजा ये हुआ कि सिर्फ एक दिन में इन कंपनियों के मार्केट कैप से करीब 1 लाख करोड़ रुपये गायब हो गए.
किस शेयर में कितनी गिरावट?
इंफोसिस 5.18% फिसलकर 1396 रुपये पर आ गया. टीसीएस 4.58% गिरकर 2776 रुपये पर बंद हुआ. एचसीएल टेक 4.55% टूटकर 1480.50 रुपये पर पहुंच गया. विप्रो 3.76% गिरकर 221.10 रुपये और टेक महिंद्रा 4.84% गिरकर 1555 रुपये पर आ गया.
बुधवार को इन पांचों कंपनियों का कुल मार्केट कैप लगभग 24.71 लाख करोड़ रुपये था, जो गुरुवार को घटकर करीब 23.71 लाख करोड़ रुपये रह गया. यानी एक ही दिन में करीब 1,00,372 करोड़ रुपये की सेंध लग गई.
अमेरिका से आई बेचैनी की लहर
इस गिरावट की शुरुआत अमेरिका से हुई. वहां इंफोसिस, विप्रो और कॉग्निजेंट के एडीआर में रातोंरात करीब 5% तक की गिरावट दर्ज की गई. अमेरिकी बाजारों में इस समय हाई बीटा और टेक शेयरों में तेज उतार-चढ़ाव चल रहा है. जब वहां झटका लगता है, तो उसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने भी निवेशकों को असहज किया है. एंथ्रोपिक जैसे प्लेटफॉर्म्स द्वारा नए क्लाउड टूल्स लॉन्च करने से सॉफ्टवेयर कंपनियों के पारंपरिक बिजनेस मॉडल पर दबाव की चर्चा तेज हो गई है. SaaS, कंसल्टिंग और डेटा एनालिटिक्स शेयरों में भी इसी वजह से बिकवाली देखी गई.
एक ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक, पैलेंटिर जैसे खिलाड़ी समय और लागत घटाने के दावे कर रहे हैं, जिससे बड़े आईटी प्रोजेक्ट्स की अवधि और कमाई पर असर पड़ सकता है. इससे निवेशकों के मन में अनिश्चितता बढ़ी है.
ये भी पढ़ें- भारत होगा रोल्स-रॉयस का ‘होम मार्केट’, सीईओ ने पीएम मोदी से किया बड़ा वादा
टीसीएस की रैंकिंग में फिसलन
कभी मार्केट कैप के हिसाब से टीसीएस देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी थी. लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है. हाल में एसबीआई ने टीसीएस को पीछे छोड़ा और अब आईसीआईसीआई बैंक भी आगे निकल गया है. टीसीएस का मार्केट कैप घटकर 10.03 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जबकि आईसीआईसीआई बैंक 10.16 लाख करोड़ रुपये और एसबीआई 11 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




