Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

चचेरी बहन के प्यार में पागल भाई ने उसके ब्वॉयफ्रेंड को उतारा मौत के घाट, मां-बाप ने शव को फ्रीजर में छिपाया, फिर ऐसे खुला राज

दिबाकर के माता-पिता दीपक साहा (52) और देबिका साहा (48) अगली सुबह गंदाचेरा से अगरतला गए. उन्होंने कथित तौर पर सरीफुल के शव वाले ट्रॉली बैग को अपने गृहनगर वापस ले गए.

Tripura

हत्या में शामिल आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार.

त्रिपुरा (Tripura) के अगरतला से लापता युवक मामले में पुलिस ने बुधवार को नया खुलासा किया. पुलिस ने राज्य की राजधानी से लगभग 120 किलोमीटर दूर धलाई जिले के गंदाचेरा बाजार में आइसक्रीम फ्रीजर के अंदर एक ट्रॉली बैग में लापता युवक का शव बरामद किया है. इस हत्या के लिए एक डॉक्टर और उसके माता-पिता समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

8 जून को लापता हुआ था सरीफुल इस्लाम

पीड़ित की पहचान अगरतला स्मार्ट सिटी मिशन परियोजना में काम करने वाले इलेक्ट्रीशियन सरीफुल इस्लाम (28) के रूप में हुई है. वह 8 जून की शाम से लापता था. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या की वजह महिला और मुख्य आरोपी डॉ. दिबाकर साहा (28) के बीच प्रेम संबंध है. इसमें शामिल महिला कथित तौर पर दिबाकर की चचेरी बहन है.

पश्चिम त्रिपुरा (Tripura) जिला के पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, “शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़ित और महिला के बीच प्रेम संबंध है, जो दिबाकर की चचेरी बहन भी है. हत्या के पीछे प्रेम त्रिकोण ही मकसद लगता है.”

हत्या के बाद शव को ट्रॉलीबैग में छिपाया

पुलिस द्वारा की गई जांच में भयावह तस्वीर उभर कर सामने आई है. 8 जून की शाम को, दिबाकर ने कथित तौर पर सरीफुल को उपहार देने के बहाने अगरतला के दक्षिण इंद्रनगर कबरखाला इलाके में अपने एक साथी जॉयदीप दास (20) के घर बुलाया. वहां पहुंचने पर, जॉयदीप दास, अनिमेष यादव (21) और नवनीता दास (25) की मदद से दिबाकर ने सरीफुल पर घात लगाकर हमला किया. इलेक्ट्रीशियन की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. उसके बाद उसके शव को एक ट्रॉली बैग में पैक किया गया, जिसे दिबाकर ने दो दिन पहले ही खरीदा था.

शव को फ्रीजर में रखा

दिबाकर के माता-पिता दीपक साहा (52) और देबिका साहा (48) अगली सुबह गंदाचेरा से अगरतला गए. उन्होंने कथित तौर पर सरीफुल के शव वाले ट्रॉली बैग को अपने गृहनगर वापस ले गए. फिर लाश को गंदाचेरा बाजार में उनकी दुकान में एक आइसक्रीम फ्रीजर के अंदर छिपा दिया गया.

यह भी पढ़ें- PAK के लिए ‘जासूसी’ ​करने पर गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा को नहीं मिली जमानत, वकील बोले- सेशन कोर्ट में करेंगे अपील

कई दिनों की गहन जांच के बाद, पुलिस ने मंगलवार रात को सभी छह आरोपियों – दिबाकर साहा, दीपक साहा, देबिका साहा, जॉयदीप दास, अनिमेष यादव और नवनीता दास को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, शव को बुधवार दोपहर गंदाचेरा फ्रीजर से बरामद किया गया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital