रिश्वत लेते दिल्ली पुलिस का एएसआई गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के द्वारका नॉर्थ थाने में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (ASI) सुबाष चंद्र को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने ₹35,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई 8 जुलाई 2025 को दर्ज एक शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें एएसआई और एक हेड कांस्टेबल ओमवीर सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप लगाए गए थे.
शिकायतकर्ता के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने बाजार में सब्जी की दुकान चलाने की अनुमति देने के बदले ₹50,000 की एकमुश्त रिश्वत और ₹5,000 से ₹10,000 की मासिक रिश्वत की मांग की थी. बाद में बातचीत के बाद ₹35,000 एक बार में और प्रत्येक व्यक्ति से ₹2,000 मासिक रिश्वत देने की बात तय हुई.
आरोपी को मौके पर ही किया गिरफ्तार
CBI ने इस शिकायत की जांच करते हुए जाल बिछाया और आरोपी एएसआई को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए मौके पर ही पकड़ लिया. फिलहाल आरोपी हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.
शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही सीबीआई
सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि वह भ्रष्टाचार के मामलों में ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति पर काम कर रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में हेड कांस्टेबल की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- गुजरात के वडोदरा में बड़ा हादसा, पुल ढहने से कई वाहन नदी में गिरे, तस्वीरें देखकर कांप जाएंगे आप…
पहली बार नहीं है सीबीआई की ये कार्रवाई
बता दें कि, सीबीआई की दिल्ली पुलिस में मौजूद भ्रष्टाचार को लेकर यह पहली कार्रवाई नहीं है. इससे पहले जनवरी महीने में सीबीआई ने दिल्ली के राज पार्क पुलिस स्टेशन पर छापेमारी की थी. जिसमें रिश्वत लेने के आरोप में एक सब इंस्पेक्टर को अरेस्ट किया था.
इस छापेमारी के 24 घंटे के भीतर सीबीआई ने जालसाजी के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो पुलिस स्टेशनों में छापेमारी की थी. जिसमें एक पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया था. वहीं दूसरे पुलिस स्टेशन में आरोपी पुलिसकर्मी सीबीआई के अधिकारियों को चकमा देकर फरार हो गया था.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


