Bharat Express DD Free Dish

बंबीहा गैंग की कमर टूटी! गुरुग्राम पुलिस ने 2 शार्प शूटरों को मुठभेड़ में घायल कर दबोचा

Gurugram Police Encounter Bambiha Gang: गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सेक्टर-39 और सेक्टर-40 की क्राइम ब्रांच की टीम ने एक मुठभेड़ के बाद कुख्यात बंबीहा गैंग के दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है.

Gurugram Police Encounter Bambiha Gang

Gurugram Police Encounter Bambiha Gang: गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सेक्टर-39 और सेक्टर-40 की क्राइम ब्रांच की टीम ने एक मुठभेड़ के बाद कुख्यात बंबीहा गैंग के दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है. यह एनकाउंटर गुरुग्राम के मैदावास गांव के पास हुआ.

पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि बंबीहा गैंग के दो बदमाश इलाके में छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय हो गईं और इलाके की घेराबंदी कर दी.

बदमाशों ने कर दी फायरिंग

जैसे ही पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, उन्होंने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. खुद को बचाने और जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए.

बदमाशों को पैर में लगी गोली

पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में और दूसरे के कंधे पर लगी. घायल बदमाशों को तुरंत कस्टडी में लेकर गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

पंजाब के हैं दोनों शूटर

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों शार्प शूटर पंजाब के रहने वाले हैं. उनकी पहचान सुमित और सुखनजीत के रूप में हुई है. दोनों लंबे समय से बंबीहा गैंग के साथ जुड़े हुए थे और कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान उन्होंने पहले बदमाशों को सरेंडर करने की चेतावनी दी थी, लेकिन उन्होंने इसकी अनदेखी करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी. पुलिस ने संयम रखते हुए जवाबी फायरिंग की, ताकि जानमाल का नुकसान न हो.

ये भी पढ़ें- ‘न्याय का सच्चा अर्थ तब है जब वह सबसे कमज़ोर लोगों की रक्षा करता है’, 38वें LAWASIA सम्मेलन को CJI BR Gavai ने वर्चुअली किया संबोधित

उत्तर भारत में कुख्यात है बंबीहा गैंग

गौरतलब है कि बंबीहा गैंग उत्तर भारत में अपनी आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात है. इस गैंग के कई सदस्य पहले भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं और अब गुरुग्राम पुलिस की इस कार्रवाई से गैंग की कमर टूटती नजर आ रही है.

पुलिस अब गिरफ्तार शार्प शूटरों से पूछताछ कर रही है ताकि उनके बाकी साथियों और नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सके. यह भी जांच की जा रही है कि ये बदमाश गुरुग्राम में किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read