Bharat Express DD Free Dish

घर में पूजा करवाने आता था तांत्रिक, महिला को लेकर हुआ फरार

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से लापता महिला को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है. महिला तांत्रिक के साथ गई थी और घर से सोने-चांदी के जेवर व नकदी ले गई थी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Indore case Woman with tantrik

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला के घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही थी कि महिला किसी तांत्रिक के साथ चली गई है. अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को भोपाल से गिरफ्तार किया है. उसके पास से कुछ नकद राशि और आभूषण भी जब्त किए गए हैं. फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है.

परिजनों ने की शिकायत

पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि महिला घर से अचानक लापता हो गई और साथ में कीमती जेवर व नकदी भी गायब है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर तलाश तेज की.

तांत्रिक संग भागी महिला

जांच के दौरान महिला की लोकेशन भोपाल में मिली. इसके बाद एक टीम को वहां भेजा गया, जिसने महिला को सुरक्षित पकड़ लिया. पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति से परेशान थी और इसी दौरान उसकी पहचान राकेश जाटव नामक युवक से हुई थी. राकेश कथित तौर पर तांत्रिक क्रियाएं और पूजा-पाठ करवाता था. इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और महिला उसके साथ चली गई.


ये भी पढ़ें: पटना में STF की बड़ी कार्रवाई, ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ में कुख्यात सूर्या डॉन मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार


बरामद किए सोने-चांदी और कैश

पुलिस ने महिला के पास से कुछ नकदी और सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कुल कितनी रकम और कितने आभूषण साथ ले जाए गए थे. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और राकेश जाटव की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आवश्यक बयान दर्ज किए जा रहे हैं. जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read