Kolkata Rape Accused Manojit: पश्चिम बंगाल में साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने उसके परिजनों को झकझोर डाला. इस घटना के मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा ने अब पुलिस पूछताछ में कबूल किया है कि उसने पीड़िता को धमकाने के लिए दुष्कर्म का वीडियो रिकॉर्ड किया था और उसे वायरल करने की धमकी दी थी.
यह घटना 25 जून को कॉलेज परिसर के गार्ड रूम में हुई, जहां तीन आरोपियों, जिसमें एक पूर्व और दो मौजूदा छात्र शामिल थे, ने कथित तौर पर अपराध को अंजाम दिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने थाने पर भी नजर रखी थी, ताकि पीड़िता की शिकायत की जानकारी मिल सके.
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया
पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर कोलकाता पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. एक सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि दो आरोपी पीड़िता को कॉलेज गेट से खींचकर परिसर के अंदर ले गए. पुलिस ने आरोपियों के फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं. पीड़िता ने बताया कि मनोजीत ने उसका मैरिज प्रपोजल ठुकराने पर गुस्सा होकर उसे और उसके प्रेमी को जान से मारने की धमकी दी थी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना भी किया है.
मनोजीत के TMC के नेताओं से संबंध: BJP
इस मामले ने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल मचा दी है. बीजेपी ने दावा किया है कि मनोजीत का तृणमूल कांग्रेस के नेताओं से संबंध है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने इससे पल्ला झाड़ लिया है. टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने पार्टी सहयोगी कल्याण बनर्जी के पीड़िता को दोष देने वाले बयान की निंदा की. सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर गुस्सा और इंसाफ की मांग तेज हो रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



