Odisha Corruption Case: 25 जुलाई 2025 को ओडिशा के कोरापुट में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक विजलेंस टीम ने जयपुर वन रेंज के डिप्टी रेंजर राम चंद्र नेपाक के ठिकानों पर छापेमारी की है. शुक्रवार सुबह शुरू हुई छापेमारी में ₹1.44 करोड़ की नकदी, सोने के बिस्कुट और सिक्के मिले हैं. ये छापेमारी नेपाक के 6 ठिकानों पर की गई है.
6 ठिकानों पर छापेमारी
नेपाक के इन ठिकानों में जयपुर टाउन के गोल्डन हाइट रेजिडेंशियल अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 510, एनकेटी रोड, पीआर पेट्टा में उनके पैतृक जमीन पर बना एक भवन, उसी अपार्टमेंट में एक अन्य फ्लैट (नंबर 511) में छापेमारी की गई है. इसके अलावा भुवनेश्वर में उनके भाई के फ्लैट, जयपुर में उनके ससुराल और जयपुर वन रेंज में उनके कार्यालय कक्ष में भी छापा मारा गया है.
1.4 करोड़ की नकदी बरामद
आपको बता दें कि जयपुर विशेष न्यायाधीश, सतर्कता द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर ये छापेमारी की गई है. इसमें 6 डीएसपी, 5 इंस्पेक्टर, 9 एएसआई और अन्य सहायक कर्मचारियों की टीम ने ये छापेमारी की. विजलेंस टीम को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब उन्होंने नेपाक के फ्लैट नंबर 510 में गुप्त तिजोरी मिली. इस तिजोरी से उन्हे लगभग ₹1.4 करोड़ की नकदी बरामद हुई. इसके अलावा, चार सोने के बिस्कुट और 16 सोने के सिक्के भी मिले. सोने का सटीक वजन और मूल्यांकन अभी किया जा रहा है, जबकि नोटों की गिनती के लिए मशीनें लगाई गई हैं.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में 100 करोड़ की ड्रग्स बरामद, 5 नाईजीरियाई नागरिकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जानिए कितना था मासिक वेतन
जानकारी के मुताबिक राम चंद्र नेपाक ने 9 मार्च, 1989 को कोरापुट में सामाजिक वानिकी प्रभाग में ग्राम वन कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं. फिलहाल, वह जयपुर वन रेंज के डिप्टी रेंजर के रूप में कार्यरत हैं. उसका मासिक वेतन ₹69,680 और कुल वेतन ₹76,880 है. ऐसे भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों के खिलाफ विजलेंस टीम की कार्रवाई लगातार जारी है. अब देखना ये है कि इस मामले में और क्या खुलासा होने वाला है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




