Bharat Express DD Free Dish

Odisha: यौन उत्पीड़न से तंग आकर आत्मदाह करने वाली छात्रा की मौत, AIIMS भुवनेश्वर में चल रहा था इलाज, सीएम माझी ने जताया दुख

छात्रा 90 प्रतिशत से अधिक जल गई थी, जिसे तुरंत ही बालासोर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. हालांकि, बाद में उसे एम्स भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया था.

ओडिशा आत्मदाह मामला : एम्स भुवनेश्वर में छात्रा ने तोड़ा दम, आरोपी गिरफ्तार - भारत एक्सप्रेस

Odisha college student suicide, Fakir Mohan Autonomous College, Samir Kumar Sahu sexual harassment, AIIMS Bhubaneswar, Balasore girl burns herself, student protest, Odisha education scandal, CM Mohan Majhi statement, Zero tolerance policy, Odisha student death news.

ओडिशा के बालासोर (Balasore) स्थित फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय की 20 वर्षीय छात्रा ने सोमवार रात दम तोड़ दिया है. छात्रा ने सहायक प्रोफेसर समीर कुमार साहू पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. उसने परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास किया था, जिसे बाद में एम्स भुवनेश्वर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, लेकिन सोमवार रात उसकी मौत हो गई.

12 जुलाई को आईसीयू में कराया गया था भर्ती

बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग द्वारा जारी एक मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, छात्रा को 12 जुलाई को शाम 5:15 बजे एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया था. उसे बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल से रेफर किया गया था. पीड़िता की दोस्त ज्योति रेखा भुइयां उसे लेकर आई थी.

छात्रा बुरी तरह झुलसी हुई थी और अस्पताल पहुंचने पर उसे तरल पदार्थ और एंटीबायोटिक दवाएं दी गईं. इस दौरान ट्यूब लगाई गई और मैकेनिकल वेंटिलेशन पर रखा गया. गुर्दे की रिप्लेसमेंट थेरेपी और सभी जीवन रक्षक उपायों सहित गहन उपचार के बावजूद उसकी हालत बिगड़ती गई और सोमवार रात 11:46 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया.

यौन उत्पीड़न से तंग आकर किया आत्मदाह

उल्लेखनीय है कि पीड़िता बीएड की छात्रा थी और उसने शनिवार को अपने विभाग के प्रमुख समीर कुमार साहू द्वारा कथित यौन उत्पीड़न के कारण प्रिंसिपल के कक्ष के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह कर लिया था.

यह भी पढ़ें- भुवनेश्वर AIIMS में जलती छात्रा से मिलीं राष्ट्रपति मुर्मू, बोलीं- ठीक होते ही करूंगी मदद

छात्रा 90 प्रतिशत से अधिक जल गई थी, जिसे तुरंत ही बालासोर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. हालांकि, बाद में उसे एम्स भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया था. आत्मदाह की कोशिश से पहले छात्रा ने कथित दुर्व्यवहार के लिए आरोपी समीर कुमार साहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कॉलेज परिसर के पास धरना-प्रदर्शन भी किया था.

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

छात्रा बहुत परेशान थी और कॉलेज प्रशासन ने साहू के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की थी. सहदेवखुंटा पुलिस ने साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं (धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 75(1)(iii) (यौन उत्पीड़न), आदि शामिल हैं) के तहत मामला दर्ज करने के बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने सोमवार को इस मामले में एफएम स्वायत्त कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को भी गिरफ्तार किया है.

सीएम माझी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने छात्रा की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार के सभी प्रयासों और विशेषज्ञ चिकित्सा दल के अथक प्रयासों के बावजूद घायल छात्रा की जान नहीं बचाई जा सकी.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “फकीर मोहन स्वायत्तशासी महाविद्यालय की छात्रा के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है. सरकार के सभी प्रयासों और विशेषज्ञ चिकित्सा दल के अथक प्रयासों के बावजूद, झुलसी छात्रा की जान नहीं बचाई जा सकी. मैं भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि वे उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.”

मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा, “मैं छात्रा के परिवार को आश्वस्त करता हूं कि इस मामले के सभी दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी. मैंने इस संबंध में अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से निर्देश दिए हैं. सरकार परिवार के साथ पूरी तरह खड़ी है.”

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “बालासोर के फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय की घटना में उपचाराधीन छात्रा के निधन का समाचार सुनकर मैं अत्यंत दुखी और व्यथित हूं. मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. भगवान श्री जगन्नाथ इस दुख की घड़ी में परिवार को असीम धैर्य और साहस प्रदान करें.”

ओडिशा के उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने भी छात्रा की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, “फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय की छात्रा के निधन की खबर सुनकर मैं अत्यंत दुखी हूं. सभी प्रयासों और प्रार्थनाओं के बावजूद हम उसे बचा नहीं सके.”

उन्होंने आगे कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की जा चुकी है. शिक्षा मंत्री ने कहा, “दोषी को सबसे कठोर सजा दिलाने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है. हम संकल्पित हैं कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read