Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

सीएम योगी के दौरे से पहले बहराइच में सैकड़ों किलोग्राम विस्फोटक बरामद, 36 लोग हिरासत में

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले पुलिस ने सैकड़ों किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की. 36 बंगाली मूल के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है.

Yogi Adityanath

Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले सैकड़ों किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद होने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया.पुलिस ने बंगाली मूल के 36 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

घटना जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र की है, जहां अल्फा जिओ लिमिटेड नामक पेट्रोलियम कंपनी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खोज के लिए बड़े पैमाने पर जमीन की ड्रिलिंग कर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का उपयोग किया जा रहा था.जानकारी सामने आते ही इलाके के भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और सुरक्षा में गंभीर चूक बताते हुए मुख्यमंत्री के दौरे को रद्द करने की मांग कर डाली.

अल्फा जिओ लिमिटेड के एरिया मैनेजर कुलदीप शर्मा ने स्वीकार किया कि एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का पालन नहीं किया गया और प्रशासन को विस्फोटक गतिविधियों की जानकारी नहीं दी गई थी.उन्होंने इसे ‘चूक’ बताते हुए कहा कि अगली बार से पूरी सतर्कता बरती जाएगी.

विस्फोटक सामग्री की जब्ती के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है, और बॉम्ब स्क्वायड को बुलाकर इलाके की जांच शुरू की गई है.ग्रामीणों में डर का माहौल है, क्योंकि ड्रिलिंग के दौरान जमीन में जबरदस्त कंपन होता है, जिससे मकानों में दरारें आने लगी हैं.

इलाके के ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने बताया कि बिना पूर्व जानकारी के किसानों की जमीन पर ड्रिलिंग और विस्फोटक डालने की कार्रवाई की गई, जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित हैं.ग्रामीण कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा, “परसों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन प्रस्तावित है और इस प्रकार विस्फोटक सामग्री मिलना सीधे तौर पर सुरक्षा में चूक का संकेत है.जब तक मामले की संपूर्ण जांच और निस्तारण नहीं हो जाता, मैं मुख्यमंत्री के दौरे को रद्द करने की मांग करता हूं.”

अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशासन को जैसे ही सूचना मिली, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजी गई.उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा कार्य शुरू करने से पहले एसओपी का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई.

फिलहाल पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है, जगह-जगह पीएसी और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.हिरासत में लिए गए सभी लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की हर कोण से जांच जारी है.स्थिति गंभीर बनी हुई है और प्रशासन अलर्ट मोड में है.

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital