Bharat Express DD Free Dish

मरा नहीं है वो! पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर बनाई हत्या की साजिश, ऐसे फेल हुआ मर्डर प्लान

वडोदरा के छाणी इलाके में एक पत्नी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगा है.

वडोदरा के छाणी इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को खत्म करने की साजिश रची थी लेकिन किस्मत ने पति का साथ दिया और वह मौत के मुंह से बाहर निकल आया.

यह पूरी घटना 15 अप्रैल की बताई जा रही है. छाणी इलाके में पान पार्लर चलाने वाले गिरीश उस दिन अचानक लापता हो गए. बाद में सामने आया कि कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया था. आरोपियों ने उन्हें जबरदस्ती कार में बैठाया और शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाते रहे. इसके बाद उन्हें सोजित्रा के पास एक नहर के किनारे ले जाकर फेंक दिया गया. हमलावरों को लगा कि गिरीश की मौत हो चुकी है, इसलिए वे मौके से फरार हो गए.

फिर गिरीश किसी तरह नहर में मौजूद एक खंभे का सहारा लेकर करीब तीन घंटे तक जूझते रहे. अंधेरे, पानी और चोटों के बीच उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार किसी तरह बाहर निकलने में सफल हो गए.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. तकनीकी सर्विलांस और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने पहले पांच आरोपियों को पकड़ लिया. जांच में पता चला कि इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि गिरीश की पत्नी फाल्गुनी थी. बताया जा रहा है कि फाल्गुनी का शादी से पहले कौशिक शर्मा नाम के युवक से प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा. दोनों साथ रहना चाहते थे, लेकिन गिरीश उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था.

सुपारी देकर रची गई हत्या की योजना

इसी वजह से दोनों ने मिलकर गिरीश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोप है कि कौशिक शर्मा ने इसके लिए कुछ लोगों को पैसे देकर काम पर लगाया था. योजना के तहत गिरीश को पहले अगवा किया गया, फिर मारपीट और धमकी दी गई. उनसे नकदी और एटीएम कार्ड भी छीन लिया गया, हालांकि कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया गया.

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में पत्नी समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

ये भी पढ़ें: कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी ‘काउंटर अटैक’: महिला आरक्षण मुद्दे पर 29 शहरों में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read